
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। राज्य सरकार सात-आठ जिलों के पुलिस अधीक्षक सहित कुछ आइपीएस अधिकारियों को बदलने की तैयारी कर रही है। इनमें अधिकतर वे हैं जो पुलिस अधीक्षक के रूप में दो वर्ष की सेवा पूरी कर चुके हैं। आइजी और पुलिस मुख्यालय में एडीजी और स्पेशल डीजी के स्तर पर भी बदलाव हो सकते हैं। जून में स्थानांतरण संभावित हैं।
बता दें, तीन मई को राज्य सरकार ने 62 पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण किए थे, जिनमें 24 जिलों के पुलिस अधीक्षक भी बदले गए थे। अब सात-आठ पुलिस अधीक्षकों को बदलने के बाद आधे से अधिक जिलों की कमान नए अधिकारियों के हाथ में आ जाएगी। सूत्रों का कहना है कि इसके बाद सिंहस्थ तक कोई बड़ा फेरबदल होने के आसार नहीं हैं।
अगले वर्ष प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव संभावित हैं। इसके बाद पंचायत चुनाव होने हैं। ऐसे में राज्य निर्वाचन आयोग की आपत्ति के पहले ही दो से तीन वर्ष से अधिक समय से पदस्थ पुलिस अधिकारियों को बदला जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इसके बाद बड़ा फेरबदल विधानसभा चुनाव के पहले ही हो सकता है।
जून में संभावित फेरबदल में जबलपुर जोन के आइजी प्रमोद वर्मा की जगह किसी और को पदस्थ किया जा सकता है। प्रमोद वर्मा जनवरी 2026 में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पद पर पदोन्नत हो चुके हैं, इसलिए उन्हें पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- ट्विशा शर्मा के परिजनों से मिले सीएम मोहन यादव, मामले की निष्पक्ष जांच के लिए CBI को लिखा जाएगा पत्र