
भोपाल। मुकुल वासनिक ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी का पद छोड़ दिया है। उनकी जगह यह दायित्व अब जयप्रकाश अग्रवाल को सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने यह परिवर्तन किया है और दिल्ली से पूर्व सांसद रहे जयप्रकाश अग्रवाल को मध्यप्रदेश कांग्रेस का नया प्रभारी बनाया गया है । अग्रवाल भी पार्टी के महासचिव पद का दायित्व संभाल रहे हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक विज्ञप्ति में इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि मुकुल वासनिक ने संगठन संबंधी मामलों की व्यस्तता की वजह से स्वयं को इस दायित्व से मुक्त करने का आग्रह किया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने इस पद पर अग्रवाल की नियुक्त्ति की है।
वेणुगोपाल ने बताया कि मुकुल वासनिक पार्टी के महासचिव पद का दायित्च निभाते रहेंगे। पार्टी ने मध्य प्रदेश कांग्रेस में मुकुल वासनिक के योगदान की सराहना की है।
विधानसभा चुनाव से पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने संगठन स्तर पर बड़ा परिवर्तन करते हुए प्रदेश प्रभारी बदल दिया। अग्रवाल चार बार लोकसभा सदस्य रहे हैं।
प्रदेश में कांग्रेस की सरकार जाने के बाद प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया को हटाकर मुकुल वासनिक को नियुक्त किया गया था। वे दो साल से प्रभारी थे। सूत्रों का कहना है कि पार्टी की अन्य गतिविधियों में सक्रियता के कारण वासनिक प्रदेश में पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे।
सवा साल बाद विधानसभा चुनाव होने हैं, इसे ध्यान में रखते हुए पार्टी ने उन्हें प्रदेश की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने अग्रवाल को प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने पर बधाई दी है और कहा कि उनके संगठन क्षमता का लाभ मध्य प्रदेश कांग्रेेस को मिलेगा।
