एक ही लॉग-इन से मिलेंगी केंद्र व राज्यों की ऑनलाइन सेवाएं, MP में शुरू होगा 'जनपरिचय' प्लेटफार्म
राज्य सरकार जनपरिचय (मेरी पहचान) यानी नेशनल सिंगल साइन-ऑन (एनएसएसओ) प्लेटफार्म लागू करने जा रही है।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 10:32:41 AM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 10:32:41 AM (IST)
एआई से तैयार तस्वीरHighLights
- मप्र में जनपरिचय यानी नेशनल सिंगल साइन-ऑन प्लेटफार्म लागू होगा
- एक ही अकाउंट से प्रदेश, केंद्र और अन्य राज्यों की ऑनलाइन सेवाओं तक पहुंच
- विभागों के पोर्टल और मोबाइल एप्लीकेशन को प्लेटफार्म से जोड़ने की तैयारी
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ लेने के लिए अब अलग-अलग पोर्टल पर पंजीयन और लॉग-इन की प्रक्रिया से मुक्ति मिलेगी। इसके लिए राज्य सरकार जनपरिचय (मेरी पहचान) यानी नेशनल सिंगल साइन-ऑन (एनएसएसओ) प्लेटफार्म लागू करने जा रही है।
इसके माध्यम से नागरिक एक ही अकाउंट और लॉग-इन आईडी से प्रदेश के साथ केंद्र सरकार तथा अन्य राज्यों की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे।
सभी विभाग जोड़े जाएंगे
अगले एक-दो माह में सभी विभागों के पोर्टल और मोबाइल एप्लीकेशन को इस प्लेटफार्म से जोड़ने की तैयारी है। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने शुक्रवार को प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में कहा कि जनपरिचय नागरिकों की सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
ओटीपी और पासवर्ड बदलने से राहत
बार-बार ओटीपी, पासवर्ड और पंजीयन की जरूरत कम करने के लिए सुरक्षित ऑटोमेशन जरूरी है। डाटा प्राइवेसी और सुरक्षा के मजबूत प्रावधानों के साथ यह व्यवस्था नागरिकों को सहज सेवाएं उपलब्ध कराने में मददगार होंगी।