
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में इन दिनों रिक्त और नए पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इसमें विलंब न हो, इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने विज्ञापन से लेकर नियुक्ति तक ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया को अपनाया है। इसके कारण 16 माह में 22 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भर्ती हो चुकी है। 4,819 पदों के लिए प्रक्रिया चल रही है।
विभाग के आयुक्त संदीप जीआर ने बताया कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भर्ती में विज्ञापन से लेकर नियुक्ति तक की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन की गई है। ऑनलाइन पोर्टल 'चयन' के माध्यम से कार्यकर्ताओं के 4,381 तथा सहायिकाओं के 22,438 सहित कुल 26,819 पदों पर भर्ती की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
जून 2025 में प्रथम चरण में 19,504, दिसंबर 2025 में द्वितीय चरण में 4,767 तथा जून 2026 में तृतीय चरण में 2,548 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई। इन तीनों चरणों में अब तक 22 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है।
ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भर्ती में अभ्यर्थी को कहीं से भी आवेदन करने और त्रुटि होने पर संशोधन की सुविधा दी गई है। अभ्यर्थी मेरिट सूची, चयन के प्रत्येक चरण और नियुक्ति की स्थिति स्वयं पोर्टल पर देख सकती हैं। संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया लगभग दो माह में पूर्ण करने का प्रविधान रखा गया है।
यह भी पढ़ें- एमपी के DGP कैलाश मकवाना को मिल सकता है एक्सटेंशन, 30 नवंबर को होने वाली विदाई परेड स्थगित
आयुक्त का कहना है कि इस प्रणाली में आगामी छह माह में संभावित रिक्त होने वाले पदों के लिए भी अग्रिम रूप से भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जा सकती है। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों में लंबे समय तक पद रिक्त रहने की समस्या दूर होगी।