
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ट्रेनों में यात्रियों के सामान की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गाड़ी संख्या 22589 अमृत भारत एक्सप्रेस में परिवार के साथ सफर कर रहे भोपाल निवासी आशीष अवस्थी के बैग से करीब 15 लाख रुपये के गहने चोरी हो गए। यात्री फतेहपुर से रानी कमलापति स्टेशन भोपाल आ रहा था।
इसी दौरान रात में अज्ञात चोरों ने बैग की चेन तोड़कर उसमें रखे गहने निकाल लिए। यात्री को चोरी की जानकारी बीना स्टेशन पर मिली। प्रारंभिक आशंका है कि वारदात झांसी और उरई के बीच हुई है। यात्री ट्रेन के एस-2 कोच में बर्थ नंबर 1 से 4 के बीच यात्रा कर रहा था।
टीआई अमित शर्मा ने बताया कि यात्री भोपाल का निवासी है, इसलिए भोपाल में शून्य पर प्रकरण दर्ज किया गया। घटना बीना क्षेत्र की होने के कारण मामला वहां भेज दिया गया है। वहीं, बीना के एएसआई मूलचंद ने बताया कि संबंधित ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। ट्रेन का रैक बनारस वापस पहुंचने पर कैमरों की फुटेज और वीडियो खंगाले जाएंगे। इससे चोरी की घटना किस स्थान पर हुई और इसमें कौन शामिल था, इसकी जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी। पुलिस चोरी हुए गहनों की वास्तविक कीमत और अन्य तथ्यों की भी जांच करेगी।
यह भी पढ़ें- 13 साल प्रीमियम भरने के बाद शुगर के नाम पर पॉलिसी बंद करना गलत, 45 दिनों में पॉलिसी रिवाइव करने के निर्देश