जीतू पटवारी ने PM मोदी को लिखा पत्र; MP में महिला अपराधों और कानून-व्यवस्था पर दखल की मांग
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर मध्य प्रदेश में महिला एवं बाल अपराधों तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए स्वतंत्र केंद्रीय समिति गठित करने की मांग की।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 09:36:04 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 09:36:04 AM (IST)
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखा पत्र। फाइल फोटो।HighLights
- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने PM नरेन्द्र मोदी को लिखा पत्र
- महिला एवं बाल अपराधों तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा की मांग
- अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और महिलाओं व बच्चियों के विरुद्ध बढ़ते अपराधों की समीक्षा के लिए केंद्रीय समिति गठित करने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर महिला एवं बाल अपराधों, पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा के लिए स्वतंत्र केंद्रीय समिति बनाने का आग्रह किया।
विदिशा की घटना पर उठाए सवाल
पटवारी ने विदिशा में 16 नवंबर को हुई घटना का जिक्र करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में प्रशासनिक देरी और पुलिस की शुरुआती भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने महिला एवं पॉक्सो अपराधों में एफआईआर दर्ज करने में देरी, जांच में लापरवाही और पीड़ितों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
अपराधों की समीक्षा की मांग
उन्होंने अपराध रोकने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए विशेष कार्ययोजना लागू करने को कहा। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय से अपराधों, पुलिस कार्रवाई और लंबित जांचों की नियमित समीक्षा का आग्रह किया।