
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। तनाव बढ़ने पर प्रशासन ने तोपपुरा स्थित आरोपित के मकान का अगला हिस्सा बुलडोजर से ढहा दिया। पास में संचालित आरा मशीन भी सील कर दी गई। टीआइ आनंद राज के मुताबिक, आरोपित को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। जिला अभिभाषक संघ ने पैरवी नहीं करने की घोषणा की है।
घटना शनिवार की है। पुलिस के अनुसार, आरोपित बुजुर्ग ने बच्ची को चाकलेट देने के बहाने कमरे में ले जाकर गलत हरकत की थी। बच्ची ने मां को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई। सोमवार दोपहर को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ विधायक मुकेश टंडन स्वामी विवेकानंद चौराहे पर धरने पर बैठ गए।
यह भी पढ़ें- एमपी में सरकारी योजनाओं के कर्ज की वसूली बनी चुनौती, ग्रामीण आवास मिशन में 71% तो उद्यम क्रांति में 40% लोन
जिसके बाद नगर पालिका, पुलिस, राजस्व और वन विभाग की टीम आरोपित के घर पहुंची। तीन मंजिला मकान के निचले हिस्से पर बनी दुकानों के शटर, बालकनी के शौचालय, रेलिंग और गेट सहित मकान का अगला हिस्सा तोड़ा। वन विभाग ने गीली लकड़ियां जब्त कर वहां संचालित आरा मशीन सील की। रेंजर अंकित सिंह के अनुसार, मशीन का लाइसेंस था, लेकिन वहां लकड़ियों का भंडारण किया गया था।