नकुल नाथ को MP की राजनीति में सक्रिय करने की तैयारी, भोपाल में आज बड़ा आयोजन
दीपावली मिलन और कमल नाथ के 80वें जन्मदिन के आयोजन में समर्थक, विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य नकुल नाथ को प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका के लिए समर्थन देना माना जा रहा है।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 08:17:26 AM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 08:17:26 AM (IST)
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और नकुल नाथ। फाइल फोटो।HighLights
- भोपाल में आज कमल नाथ समर्थकों का जमावड़ा
- पिता की राजनीतिक विरासत संभालने की तैयारी में नकुल नाथ
- होर्डिंग हटाने पर नकुल नाथ की प्रतिक्रिया आई सामने
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के समर्थक शनिवार को भोपाल में जुट रहे हैं। वैसे तो आयोजन दीपावली मिलन और कमल नाथ के 80वें जन्मदिन के नाम पर हो रहा है लेकिन इसका उद्देश्य कमल नाथ के पुत्र नकुल को राजनीतिक शक्ति देना है।
नकुल छिंदवाड़ा से एक बार सांसद रह चुके हैं और पिछला लोकसभा चुनाव भाजपा के विवेक साहू से हार गए थे। उन्हें प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति का सदस्य बनाया गया लेकिन वह छिंदवाड़ा के बाहर नहीं निकले। अब कमल नाथ समर्थकों को एकजुट करके यह संदेश देने का प्रयास है कि नकुल नाथ के साथ बड़ी टीम है और वह प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।
युवाओं काे सौंपी जा रही जिम्मेदारी
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के हाथों करारी हार के बाद कांग्रेस ने कमल नाथ के स्थान पर जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष और उमंग सिंघार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाकर पीढ़ी परिवर्तन किया। इसी तारतम्य में डॉ. विक्रांत भूरिया को आदिवासी कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया तो सचिन यादव को उत्तर प्रदेश के चुनाव में वार रूम का जिम्मा दिया गया।
पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह दिल्ली विधानसभा चुनाव में वार रूम संभाल चुके हैं। ओमकार सिंह मरकाम, कमलेश्वर पटेल, कुणाल चौधरी भी राष्ट्रीय संगठन में भूमिका निभा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह प्रदेशभर में सक्रिय हैं लेकिन कमल नाथ के पुत्र नकुल नाथ इस तरह की भूमिका में कभी नहीं रहे।
पिता की विरासत को संभालेंगे नकुल
अब चूंकि कमल नाथ की सक्रियता कम हो गई है इसलिए उनके समर्थक भी चाहते हैं कि नकुल नाथ राजनीतिक विरासत संभालें। कमल नाथ की गैर मौजूदगी में होने वाले इस आयोजन को इसी रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ नेता, विधायक और प्रदेश पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
होर्डिंग हटाने की राजनीति
बता दें, भाजपा की भी इस कार्यक्रम पर नजर है। इस बीच, कार्यकर्ताओं ने आयोजन को लेकर जो होर्डिंग्स लगाए थे, उन्हें शुक्रवार को नगर निगम के अमले ने हटा दिया।
इस पर नकुल नाथ ने एक्स पर पोस्ट किया कि सत्ता परिवर्तन के बाद उन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए, जो अपनी संवैधानिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। याद रखिए, सत्ता स्थायी नहीं होती है।