_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कमला नगर क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी की विधवा पत्नी के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। वहीं जब पीड़िता अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंची तो वहां पुलिस ने सुनवाई नहीं की। छह दिन तक थाने के चक्कर काटने के बाद पुलिस ने उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज की। हालांकि थाना प्रभारी निरुपा पांडे का कहना है कि पीड़िता ने घटना स्पष्ट नहीं बताई थी, जिस वजह से कार्रवाई में देरी हुई।
पुलिस के अनुसार ईडब्ल्यूएस कोटरा सुल्तानाबाद निवासी 63 वर्षीय मोहिनी यादव, दिवंगत पुलिसकर्मी चंद्रशेखर यादव (पूर्व आरक्षक, रेडियो शाखा) की पत्नी हैं। 11 फरवरी की रात वह बेटी ज्योति के साथ कोटरा से नेहरू नगर चौराहा तक लगने वाले बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। राज स्वीट्स कोटरा के पास भीड़भाड़ के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से 83 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी कर ली।
पीड़िता उसी रात थाने पहुंचीं, आवेदन भी दिया, लेकिन पुलिस ने जांच के बाद एफआईआर का आश्वासन देकर लौटा दिया। दो बार चक्कर लगाने के बावजूद मामला दर्ज नहीं हुआ। अंततः परिचित वकील की दखल के बाद 16 फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई। आरोपित अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।