
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। इसी बीच प्रदेश में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के एकमात्र विधायक और सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार के संपर्क से बाहर होने की खबरों के बीच उनकी एक फेसबुक पोस्ट सामने आई है। मोबाइल फोन बंद आने और सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने के कारण उनके राजनीतिक रुख को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
विधायक डोडियार ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि वह मुख्यधारा की मीडिया को सूचित करना चाहते हैं कि राज्यसभा चुनाव में उन्होंने किसे वोट दिया, इसकी जानकारी 18 जून को ही देंगे। उन्होंने यह भी लिखा कि वह “दल्लों और गल्लों” के सवालों का जवाब नहीं देंगे। सुझाव देने वालों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग उन्हें सलाह दे रहे हैं, उन्हें पहले पंच या पार्षद बनकर दिखाना चाहिए।
उनके गायब होने की चर्चाओं के बीच विभिन्न आदिवासी संगठनों के नेताओं और कुछ गैर आदिवासी मार्गदर्शकों द्वारा उन्हें मतदान को लेकर सुझाव दिए जा रहे हैं तथा सोशल मीडिया पर ट्रोल भी किया जा रहा है।
इधर, विधायक के दोनों मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। खास बात यह है कि भाजपा द्वारा राज्यसभा चुनाव में तीसरे प्रत्याशी को मैदान में उतारने के बाद विधानसभा में हर वोट की अहमियत बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- MP में है देश का इकलौता मंदिर जहां भगवान राम देवता नहीं राजा है, पुलिस के जवान देते हैं 'गार्ड ऑफ ऑनर'
ऐसे में प्रदेश के एकमात्र बीएपी विधायक होने के कारण कमलेश्वर डोडियार के वोट को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है और सभी दलों की निगाहें उनके रुख पर टिकी हुई हैं। हालांकि डोडियार ने अपनी पोस्ट के जरिए साफ संकेत दिया है कि वह फिलहाल इस विषय पर कोई खुलासा नहीं करेंगे और मतदान को लेकर अपनी स्थिति 18 जून को सार्वजनिक करेंगे।