
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर खान द्वारा दिवाली के मौके पर पहने गए भोपाल के शाही परिवार के पुश्तैनी पेंडेंट पर शुरू हुआ विवाद अब सियासी और सामाजिक मोड़ ले चुका है। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज द्वारा करीना को कानूनी नोटिस भेजे जाने के बाद अब हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच अभिनेत्री के समर्थन में उतर आए हैं।
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि करीना को किसी से माफी मांगने की जरूरत नहीं है। पेंडेंट गले में दिल के करीब पहना जाता है, न कि किसी अपमानजनक स्थान पर। तिवारी ने कहा कि चूंकि करीना ने इसे दीवाली पर पहना, इसलिए कुछ लोगों को आपत्ति हो रही है। पूर्व भोपाल शाही परिवार की बहू होने के नाते उन्हें अपनी सास के परिवार की पैतृक विरासत और आभूषण पहनने का पूरा अधिकार है।
गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता अब्बास हफीज ने वकील के माध्यम से भोपाल कोर्ट से करीना को नोटिस भेजा है। हफीज का दावा है कि शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम द्वारा इबादत के लिए बनवाए गए इस पेंडेंट पर कुरान की आयतें अंकित हैं, जिसे फैशन के रूप में दिखाना धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने सोशल मीडिया से पोस्ट हटाने और सार्वजनिक माफी की मांग की है।
यह भी पढ़ें- एमपी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला... आयुष महाविद्यालयों के 11 शिक्षकों को मिलेगा पुरानी पेंशन योजना का लाभ