भोपाल: पत्नी की आंखों के सामने चलती ट्रेन से गिरा मजदूर; सामान का बोरा बचाने में गई जान
भोपाल में चलती ट्रेन से गिरकर 32 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर दीपक उर्फ संजू कुशवाहा की मौत हो गई। वह पत्नी के साथ उत्तर प्रदेश के ललितपुर जा रहा था। भानपुर रेलवे ट्रैक के पास हादसा हुआ।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 02:29:11 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 02:29:11 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- भानपुर रेलवे ट्रैक के पास हादसा
- सामान बचाने के प्रयास में गंवाई जान
- रातभर तलाश के बाद मिला शव
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के भानपुर रेलवे ट्रैक के पास चलती ट्रेन से गिरकर 32 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। वह पत्नी के साथ अपने गृह ग्राम उत्तर प्रदेश के ललितपुर जा रहा था। ट्रेन के जनरल कोच में भीड़ अधिक होने के कारण दंपती दरवाजे के पास खड़ा था।
इसी दौरान कपड़ों और अन्य सामान से भरा बोरा हाथ से छूटकर ट्रेन से नीचे गिर गया। उसे उठाने के प्रयास में युवक भी चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।
मजदूरी करता था दीपक
मृतक की पहचान कमला नगर निवासी दीपक उर्फ संजू कुशवाहा के रूप में हुई है। वह दिहाड़ी मजदूरी करता था। सोमवार शाम वह पत्नी के साथ ट्रेन से ललितपुर के लिए रवाना हुआ था। भानपुर के पास अचानक बोरा हाथ से फिसलकर नीचे गिर गया। दीपक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह भी बोरे के साथ ट्रेन से गिर गया।
पत्नी की सूचना पर शुरू हुई तलाश
ट्रेन जब सुखी सेवनिया पहुंची तो पत्नी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। हालांकि, शुरुआत में उसने घटनास्थल की गलत जानकारी दी, जिससे तलाश में देरी हुई। इसके बाद स्थानीय पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ ने रातभर खोजबीन की।
मंगलवार सुबह भानपुर में रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में दीपक का शव मिला। उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।