
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश की एक करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 लाड़ली बहनों के खातों में शुक्रवार को 1,831 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाड़ली बहना योजना की राशि का अंतरण शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से करेंगे। इस दौरान शिवपुरी जिले में 221 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी होगा।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में सरकार अब तक 67 हजार 230 करोड़ रुपये की राशि अंतरित कर चुकी है। 42वीं किस्त की राशि जमा होने के बाद यह आर्थिक सहायता 69 हजार 50 करोड़ रुपये हो जाएगी। योजना के लिए 2026-27 के बजट में 23 हजार 882 करोड़ 81 लाख रुपये का प्रावधान रखा गया है। इसमें से अक्टूबर तक 13 हजार 134 करोड़ 97 लाख रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
यह भी पढ़ें- भोपाल मेट्रो का सफर हुआ स्मार्ट... एक ही कार्ड से इंदौर-दिल्ली-मुंबई समेत 7 शहरों में कर सकेंगे सफर