स्वच्छता सर्वेक्षण: देश में नंबर-2 रह चुका भोपाल स्वच्छता सम्मान की लिस्ट से ही बाहर
कभी देश में दूसरे स्थान तक पहुंचा भोपाल इस बार स्वच्छता के राष्ट्रीय सम्मान की सूची से बाहर हो गया। नगर निगम के सफाई व्यवस्था सुधारने के दावों पर सवाल खड़े हुए हैं।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 08:48:05 AM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 08:49:42 AM (IST)
दूसरे नंबर का तमगा भी नहीं बचा पाया भोपाल, सफाई के दावों की खुल गई पोल। फाइल फोटोHighLights
- राष्ट्रीय सम्मान की सूची से बाहर भोपाल
- निगम की सफाई व्यवस्था के दावों पर सवाल
- प्रदेश के औसत से 5.9 प्रतिशत अंक पीछे
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। 21वीं रैंक से देश में दूसरे पायदान तक पहुंचा भोपाल अब राष्ट्रीय स्वच्छता सम्मान की सूची से ही बाहर हो गया। यह गिरावट अचानक नहीं आई, बल्कि नगर निगम के उन दावों की हकीकत है, जिनमें हर साल सफाई व्यवस्था सुधारने और शहर को स्वच्छ बनाने का दम भरा जाता रहा। एक दशक में रैंकिंग कई बार बदली, लेकिन निगम कचरे के स्थायी निपटान का इंतजाम नहीं कर पाया।
कचरे के पहाड़ बने रोड़ा
भानपुर खंती को खत्म कररने के बाद नगर निगम ने आदमपुर छावनी स्थित खंती में कचरा डालना शुरू किया तो दावा किया गया था कि यहां अब कचरे का पहाड़ नहीं बनने दिया जाएगा, लेकिन करीब आठ साल में ही यहां करीब साढ़े सात लाख टन कचरे का पहाड़ बन गया था। जिसके निपटारे के लिए अब नगर निगम ने 55 करोड़ रुपये की लागत से एक निजी कंपनी को काम दिया है, लेकिन कचरे की निपटान की प्रक्रिया बेहद धीमी गति से चल रही है।
डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन पर सवाल
दूसरी ओर सर्वोच्च न्यायालय में आदमपुर कचरा खंती में जमा पुराने कचरे को लेकर मामला लंबित है, जिसे भोपाल की रैंकिंग में गिरावट की सबसे प्रमुख वजह माना जा रहा है। वहीं, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में भी शहर के कई हिस्सों से प्रतिदिन कचरे का उठाव नहीं हो पा रहा है।
नीचे गिरी रैकिंग
इसके अलावा प्रदेश की सफाई दर का औसत जहां 94.8 है, वहीं, भोपाल की सफाई दर 88.9 प्रतिशत है। यानी राजधानी अपने ही प्रदेश के औसत से 5.9 प्रतिशत अंक पीछे है। हालांकि अभी रैंकिंग जारी नहीं की है। गुरुवार या शुक्रवार को इसके आंकड़े जारी किए जा सकते हैं।