
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान की एक इंस्टाग्राम पोस्ट ने भोपाल की नवाबी विरासत और धार्मिक आस्था को लेकर विवाद खड़ा कर दिया है। करीना द्वारा पहने गए एक पेंडेंट को भोपाल रियासत की बेगमों की ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने उन्हें कानूनी डिमांड नोटिस भेजा है।
आरोप है कि करीब 400 साल पुराने इस पेंडेंट पर कुरान की आयतें लिखी हुई हैं और इसे धार्मिक आस्था एवं इबादत के उद्देश्य से बनवाया गया था। ऐसे में इसे फैशन के तौर पर प्रदर्शित करना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है।
अब्बास हफीज ने अपने वकील जफर के माध्यम से भोपाल कोर्ट के जरिए यह नोटिस भेजा है। उन्होंने करीना से विवादित इंस्टाग्राम पोस्ट हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की मांग की है।
अब्बास हफीज के अनुसार, पेंडेंट और कलगी भोपाल के शाही परिवार की विरासत का हिस्सा हैं। उनका दावा है कि शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने इस पेंडेंट को अपनी धार्मिक आस्था और इबादत के लिए बनवाया था। उन्हें करीना के कलगी या लिबास पहनने पर आपत्ति नहीं है, लेकिन कुरान की आयतों वाले पेंडेंट को फैशन के रूप में प्रदर्शित करने पर सवाल है। उनका कहना है कि उन्होंने यह कदम किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था के कारण उठाया है।
यह भी पढ़ें- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: एमपी के 9 शहरों ने बढ़ाया मान, उज्जैन-देवास देश में नंबर-1, जबलपुर को दूसरा स्थान