
BJP Sankalp Patra 2024: राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। लोकसभा चुनाव के संकल्प पत्र के लिए भाजपा ने देशभर में जनता से सुझाव लिए हैं। मध्य प्रदेश से भी हजारों की संख्या में सुझाव आए हैं। इनमें से आत्मनिर्भर भारत के लिए सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के सुझाव को जनता द्वारा प्राथमिकता दी गई है।
मध्य प्रदेश के 29 लोकसभा क्षेत्रों से सुझावों लेने के लिए भाजपा ने अलग-अलग जिलों में 1200 सुझाव पेटियों लगाई थी और गांव-गांव में 58 प्रचार रथ घुमाए गए थे। इसके जरिए भी जनता ने सुझाव दिए। ई-मेल, नमो एप, और मिस्ड काल के माध्यम से डिजिटल सुझाव सीधे केंद्रीय कार्यालय पहुंचे हैं।
सभी सुझाव दिल्ली भेज दिए गए हैं। कामन सुझावों में विश्वकर्मा योजना में क्षेत्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने, किसानों के लिए खेती को लाभ का धंधा बनाने, महिलाओं के प्रति अपराध कैसे कम हों इस पर केंद्र द्वारा दीर्घकालीन उपाय लागू करने संबंधी सुझाव भी दिए गए हैं।
लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय नेतृत्व ने लोकसभा चुनाव घोषणा पत्र समिति का गठन किया। भाजपा घोषणा पत्र को संकल्प पत्र के नाम से जारी करेगी। 27 सदस्यीय समिति में मध्य प्रदेश से मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को रखा गया।
.jpg)
राजनाथ सिंह की अध्यक्ष में घोषणा पत्र तैयार किया गया है। वहीं संयोजक निर्मला सीतारमन और सह संयोजक पीयूष गोयल बनाए गए हैं। घोषणा पत्र तैयार करने में मध्य प्रदेश से मुख्यमंत्री डा.यादव और शिवराज की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसमें शिवराज के कार्यकाल में चलाई गई महिला हितेषी योजनाओं की भी झलक देखने को मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने प्रत्येक भाषण में 2047 के विजन की बात कहते हैं और यहीं वजह है कि भाजपा के संकल्प पत्र में 2047 के विजन के साथ मध्य प्रदेश सहित विकसित भारत की झलक देखने को मिलेगा। इस बार पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा था कि संकल्प पत्र जन सुझावों के आधार पर होना चाहिए।
ऐसे में भाजपा ने सुझाव लेने के लिए सातों मोर्चा और प्रकोष्ठ को जुटाया था। महिला, किसान, युवा, पिछड़ा, अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारियों को अलग-अलग वर्ग के बीच जाकर उनके सुझाव लिए गए हैं। वहीं चिकित्सा प्रकोष्ठ सहित अन्य प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने भी समाज के प्रबुद्धजन से संपर्क कर उन्हें पार्टी की विचारधारा से अवगत कराकर 2047 के विकसित भारत के लिए भी सुझाव लिए।
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय घोषणा पत्र समिति को बहुत ही महत्वपूर्ण सुझाव दिए है, इनमें महिलाओं को खास तौर से कैसे रोजगार की श्रंखला से जोड़ा जा सकता है इस पर जनता से अधिक सुझाव मिले हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि डा. मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान ने मप्र का प्रतिनिधित्व करते हुए जो महत्वपूर्ण सुझाव इस संदर्भ में दिए गए हैं, वे भाजपा के संकल्प पत्र में दिखाई देंगे। - डा. हितेष बाजपेयी, प्रदेश प्रवक्ता, मप्र भाजपा