_m.webp)
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में व्यावसायिक (कमर्शियल) उपयोग के लिए शासन द्वारा निर्धारित शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थानों को जरूरत की शत-प्रतिशत गैस की आपूर्ति करने का दावा शासन ने किया है। एलपीजी की बुकिंग को लेकर आ रही समस्या में भी लगभग सुधार हो गया है। अब ऑनलाइन बुकिंग 84 से बढ़कर 90 प्रतिशत पहुंच गई है। बुकिंग को लेकर किसी को परेशानी न हो, इसके लिए ऑयल कंपनियों ने मोबाइल ऐप, एसएमएस, व्हाट्सएप तथा आईवीआरएस कॉल की सुविधा दी है। अब मैसेज, कॉल या मेल के जरिए भी ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है।
अपर मुख्य सचिव खाद्य नागरिक आपूर्ति रश्मि अरुण शमी ने बताया कि घरेलू उपयोग के लिए रसोई गैस की आपूर्ति नियमित करने के प्रयास जारी हैं। इसके कारण पहले जहां 84 प्रतिशत उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग करवा रहे थे, वह संख्या बढ़कर 90 प्रतिशत हो गई है। घरेलू एलपीजी के उत्पादन में 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिससे निरंतर आपूर्ति जारी है। शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थानों को आवश्यकता की 100 प्रतिशत गैस की आपूर्ति की जा रही है। केंद्र सरकार द्वारा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन के लिए विशेष छूट के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
एलपीजी की कालाबाजारी तथा जमाखोरी न हो, इसके लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश में 1,341 स्थानों पर कार्रवाई कर 1,827 सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं, औद्योगिक एवं वाणिज्यिक संस्थाओं से आग्रह भी किया गया है कि वे उपलब्धता अनुसार पीएनजी के कनेक्शन लें। पीएनजी की आपूर्ति लगातार बनी हुई है और आगे भी जारी रहेगी। पेट्रोल, डीजल, घरेलू पीएनजी तथा सीएनजी की आपूर्ति भी बिना कटौती के जारी रहेगी।
ऑयल कंपनी के स्टेट नोडल ऑफिसर अजय श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक है। उपभोक्ता अफवाहों से भ्रमित न हों। सरकार और तेल कंपनियां मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि किसी भी उपभोक्ता को ईधन की कमी का सामना न करना पड़े। आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है ताकि बुकिंग प्रक्रिया पारदर्शी और आसान बनी रहे।
यह भी पढ़ें- लव जिहाद, अपहरण या साजिश? वायरल गर्ल मोनालिसा केस में आया नया मोड़, माता-पिता ने लगाया बड़ा आरोप