अस्पताल का रिबन कटने से पहले ही 40 लाख की मशीनें चोरी, ढाई महीने बाद भी भोपाल पुलिस के हाथ खाली
करोंद मंडी क्षेत्र के 80 फीट रोड स्थित सरस्वती मल्टी हास्पिटल से उद्घाटन से पहले चिकित्सा उपकरण और एसी चोरी हो गए। इनमें करीब 10 लाख रुपये का कॉपर भी शामिल है।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 03:20:03 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 03:20:03 PM (IST)
जनसुनवाई के दौरान अधिकारीगण आवेदकों की समस्या सुनते हुए।HighLights
- करोंद मंडी क्षेत्र के सरस्वती मल्टी हॉस्पिटल का मामला
- उद्घाटन से पहले चिकित्सा उपकरण और एसी चोरी
- सीसीटीवी फुटेज मिले,चोरों को नहीं पकड़ पाई छोला मंदिर पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । राजधानी में बेखौफ चोरों ने उद्घाटन से पहले ही एक निजी अस्पताल को निशाना बनाकर करीब 40 लाख रुपये के चिकित्सा उपकरण और एसी पार कर दिए। हैरानी की बात यह है कि सीसीटीवी फुटेज सौंपने के ढाई महीने बाद भी छोला मंदिर पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है।
मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचीं अस्पताल संचालिका ने पुलिस पर जांच में सुस्ती बरतने का आरोप लगाते हुए मदद की गुहार लगाई।
जनसुनवाई में कुल 143 आवेदकों ने अपनी समस्याएं रखीं।करोंद मंडी क्षेत्र के 80 फीट रोड स्थित सरस्वती मल्टी हास्पिटल की संचालिका डॉ. सोनम देवी ने बताया कि कुछ अनुमतियों के चलते अस्पताल का शुभारंभ रुका हुआ था।
इसी दौरान अज्ञात चोरों ने अस्पताल में सेंध लगाकर करीब 40 लाख रुपये की कीमती मशीनें और एसी चुरा लिए, जिसमें लगभग 10 लाख रुपये का कॉपर भी शामिल है। डॉ. सोनम का आरोप है कि फुटेज देने के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे चोरी गए उपकरणों को खुर्द-बुर्द किए जाने की आशंका बढ़ गई है।
सरकारी पार्क से रास्ता निकालने और धमकाने का आरोप
भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट की जिलाध्यक्ष रश्मि सिंह ने जनसुनवाई में शिकायत की कि हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने सीटीओ बैरागढ़ स्थित सरकारी पार्क की जमीन से अपनी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के लिए अवैध रास्ता निकाल लिया है। रहवासियों की शिकायत पर काम रुकवाने के बाद तिवारी ने साथियों के साथ उनके घर पहुंचकर पिस्टल दिखाकर धमकाया। इस मामले की जांच एसीपी को सौंपी गई है।
पीएचक्यू के उप राज्य परीक्षक पर फर्जी रिपोर्ट का आरोप
मारवाड़ी रोड निवासी संतोष कुमार जड़िया ने आरोप लगाया कि पुलिस मुख्यालय की क्यूडी शाखा में पदस्थ उप राज्य परीक्षक अमरदीप परिहार ने अपराधी सुनील सिंहल से मिलीभगत कर न्यायालय में फर्जी हस्तलिपि रिपोर्ट पेश की और झूठी गवाही दी। डीजीपी से शिकायत के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। मामले की जांच अब डीसीपी जोन-3 को सौंपी गई है।