Madhya Pradesh BJP : भाजपा के स्थापना दिवस पर 1070 मंडलों में युवा चौपाल शुरू करेगा मोर्चा
Madhya Pradesh BJP : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा-भाजयुमो युवा चौपालों से नव मतदाताओं को जोड़ें। ...और पढ़ें
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Thu, 23 Mar 2023 11:14:00 PM (IST)Updated Date: Thu, 23 Mar 2023 11:14:00 PM (IST)

Madhya Pradesh BJP : भोपाल (राज्य ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस (छह अप्रैल) पर भारतीय जनता युवा मोर्चा 1070 मंडलों में युवा चौपाल की शुरुआत करेगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। गुरुवार को इस संबंध में बैठक आयोजित की गई, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी की रीति-नीति से युवाओं को जोड़ने और सरकार की युवा नीति बूथ के यूथ तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मोर्चा कार्यकर्ताओं की है। सभी कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर अपने जिलों के सभी बूथों को सशक्त कर भाजपा की महाविजय को सुनिश्चित करना है।
बैठक को पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार और मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बबीता फोगाट ने संबोधित किया। यहां मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा पर चर्चा हुई।
शर्मा ने कहा कि मोर्चा कार्यकर्ता नव मतदाताओं के बीच जाकर उनसे सतत संवाद और संपर्क बनाएं। उन्हें पार्टी और सरकार की नीतियों, योजनाओं और विकास कार्य भी बताएं, क्योंकि नव मतदाताओं ने कांग्रेस काल के दुरावस्था का दौर नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि मोर्चा मिशन 2023 और 2024 की दृष्टि से यूथ कनेक्ट कार्यक्रम में हर पंचायत पर युवा चौपाल के माध्यम से बूथ के हर नवमतदाता को पार्टी से जोड़ें और उन्हें कांग्रेस के कुशासन और भाजपा के सुशासन से भी अवगत कराएं।
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि सरकार ने अपने काम से सभी क्षेत्रों में जनता का विश्वास जीता है। प्रदेश सरकार ने युवा नीति भी लागू कर दी है। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि युवा नीति प्रदेश के सभी युवाओं तक पहुंचे। शर्मा ने कहा कि हमारे विचार, परिवार और नेतृत्व पर आक्रमण करने वालों को हमें सत्य और तथ्य के माध्यम से जवाब देने में देरी नहीं करनी है। उन्होंने कहा कि प्रवास में तेजी लाएं और संगठन के विस्तार के लिए अपने विचारों को अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस पर 1070 मंडलों में युवा चौपाल कार्यक्रम शुरू किया जाएगा और यूथ कनेक्ट अभियान को गति देंगे। पंवार ने बताया कि आगामी समय में युवा चौपाल के बाद युवा संकल्प यात्रा, युवा संभागीय सम्मेलन और युवा महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन युवा मोर्चा द्वारा किए जाएंगे। बैठक में युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शामिल हुए।