
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा को सेवावृद्धि दिए जाने की संभावनाओं के बीच मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल को सेवावृद्धि दिए जाने की संभावना है। उन्हें 22 जुलाई 2026 को मुख्य सचिव बनाया गया और वह जनवरी 2027 में सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
इस लिहाज से उन्हें काम करने का कम ही समय मिल रहा है। उनकी गैरविवादित कार्यप्रणाली और पूर्व उदाहरणों को देखते हुए एक सेवावृद्धि मिलने की संभावना है। प्रशासनिक सुधार आयोग द्वारा भी मुख्य सचिव जैसे पदों पर छोटे कार्यकाल को लेकर चिंता जताई गई थी।
प्रदेश में पिछले तीन मुख्य सचिवों को देखें तो सभी को सेवावृद्धि मिली है। शिवराज सरकार में 1985 बैच के अधिकारी इकबाल सिंह बैंस को सेवानिवृत्ति के बाद छह-छह महीने करके कुल दो बार सेवावृद्धि दी गई थी। इसके बाद प्रदेश की दूसरी महिला मुख्य सचिव 1988 बैच की वीरा राणा को मार्च 2024 में छह माह की सेवावृद्धि मिली।
1989 बैच के अधिकारी अनुराग जैन को अगस्त 2025 में एक साल की सेवावृद्धि मिली, लेकिन उन्होंने एक माह पूर्व पद छोड़ दिया। इसे देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि अशोक बर्णवाल को भी छह माह की सेवावृद्धि मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- एमपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा की तारीख बदली, 9 दिसंबर को होगा एग्जाम, 7500 पदों पर होनी है नियुक्ति
ऐसा होता है तो फिर प्रदेश के सबसे वरिष्ठ अधिकारी 1990 बैच के राजेश कुमार राजौरा एक माह पहले ही सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसके बाद प्रबल दावेदारों में प्रदेश में पदस्थ अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव, संजय दुबे और नीरज मंडलोई रहेंगे।
केंद्र में पदस्थ अधिकारियों में देखा जाएगा तो 1992 बैच के पंकज अग्रवाल, वीएल कांताराव और नीलम शमी राव हैं। वैसे एक संभावना यह भी है कि 2028 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य सरकार ऐसे अधिकारी को मुख्य सचिव बनाए, जिसका कार्यकाल चुनाव बाद समाप्त हो।