
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और राजस्व संबंधी कामों के लिए अब ग्रामीणों और शहरवासियों को अलग-अलग कार्यालयों में नहीं जाना होगा। तीन और चार अक्टूबर को सभी विकासखंडों और वार्ड व जोन स्तर पर सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार के तहत शिविर लगाए जाएंगे। इसमें 25 विभागों के स्टॉल होंगे और स्वास्थ्य शिविर भी लगेंगे। इसके लिए राजस्व विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
राजस्व विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार शिविर में सबसे पहले रजिस्ट्रेशन होगा। इसके बाद संबंधित विभाग के स्टॉल पर आवेदन और दस्तावेजों की जांच होगी। पात्रता पूरी होने और प्रक्रिया पूरी होने पर योजना का लाभ मौके पर ही स्वीकृत या वितरित किया जा सकेगा। किसानों, ग्रामीणों, श्रमिकों, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध रहेंगी।
पहले से योजनाओं का लाभ ले रहे हितग्राहियों, पात्र लेकिन लाभ से वंचित लोगों और विभागीय लक्ष्य से शेष पात्र हितग्राहियों की सूची भी तैयार की जाएगी। शिविर में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रदर्शनी के साथ स्वास्थ्य शिविर भी अनिवार्य होगा। वेतन, पेंशन, राजस्व और अन्य विभागीय समस्याओं का भी मौके पर निराकरण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कान्हा नेशनल पार्क के लिए बनेगा नया रोड नेटवर्क, नागपुर-जबलपुर और रायपुर से कनेक्टिविटी होगी बेहतर
ग्रामीण क्षेत्र में शिविरों की जिम्मेदारी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगर पंचायत, परिषद और पालिका में सीएमओ तथा नगर निगम में जोनल अधिकारी प्रभारी रहेंगे। कलेक्टर जिले में नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे।