
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। भोपाल में न्यूनतम तापमान गिरकर नौ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। रात में शीतलहर जैसी स्थिति रही। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी रात का तापमान गिरने से ठंड बढ़ी है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट की संभावना जताई है। शाजापुर का गिरवर 8.4 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। भोपाल और दमोह में भी पारा 10 डिग्री से नीचे रहा।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, उत्तर भारत में मध्य क्षोभमंडल की पछुआ हवाओं के बीच पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में बना हुआ है। इससे हिमालयी क्षेत्रों में वर्षा या बर्फबारी हो सकती है। इसका असर उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के जरिये मध्य प्रदेश पर पड़ सकता है। विक्षोभ आगे बढ़ने के बाद उत्तर से ठंडी हवाएं आने पर रात के तापमान में गिरावट संभव है।
गुजरात और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर डेढ़ किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना है। इससे पश्चिमी मध्य प्रदेश में नमी और हवाओं का प्रवाह प्रभावित हो सकता है एवं कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की धमाकेदार जीत, चीन को 6-2 से रौंदकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा
भोपाल में अगले कुछ दिनों तक रात का तापमान 11 से 12 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम साफ रहने के साथ सुबह धुंध भी दिखाई दे सकती है।
मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है। अमरकंटक में अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो दिन में प्रदेश में सबसे कम रहा। पचमढ़ी में 24, बालाघाट में 25 और सीधी में 25.2 डिग्री तापमान रहा। मंडला जिले में हल्का कोहरा देखा गया।