Madhya Pradesh Monsoon Alert: मध्य प्रदेश में बारिश पर फिलहाल ब्रेक, अब 24 जुलाई तक करना होगा उमस का सामना
Madhya Pradesh Monsoon Alert: अब तक मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश हुई है, तो कहीं-कहीं लोग झमाझम को तरस रहे हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने जुलाई के लिए अपडेट जारी किया है। अभी कुछ दिन लोगों को उमस का सामना करना पड़ेगा।
Publish Date: Tue, 22 Jul 2025 07:31:48 AM (IST)
Updated Date: Tue, 22 Jul 2025 07:32:28 AM (IST)
Madhya Pradesh Monsoon Alert: राजधानी भोपाल में सोमवार देर रात एक बजे हुई झमाझम बारिश (फोटो नईदुनिया)HighLights
- उमस की वजह से परेशान हुए लोग
- खरीफ की बुवाई ने पकड़ी रफ्तार
- ग्वालियर में सबसे ज्यादा बारिश
नईदुनिया, भोपाल, Madhya Pradesh Monsoon Alert। मध्य प्रदेश में सक्रिय मानसून पर फिलहाल एक ब्रेक लगा है। लगातार बारिश के बाद अब प्रदेश में उमस और गर्मी का दौर शुरू हो गया है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 24 जुलाई को जबलपुर-नर्मदापुरम संभाग के जिलों में तेज बरसात हो सकती है। इसके साथ ही वर्षा का नया दौर शुरू होगा।
![naidunia_image]()
कुछ हिस्सों में जारी रहेगी हल्की बारिश
- मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रही है, जबकि दक्षिणी उड़ीसा और आंध्र प्रदेश में हवा की ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई जा रही है, जो प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की वजह बन सकता है।
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में दो-तीन दिनों तक गर्मी और उमस का दौर जारी रहेगा। हालांकि बीच-बीच में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।
गुरुवार को डिंडोरी, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, मंडला, सागर जिलों में भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। मध्य प्रदेश में अब तक 524 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि सामान्य बारिश (335.3 मिमी) से 57% ज्यादा है। सोमवार को सिवनी और इंदौर में सुबह 8:30 बजे से लेकर 5:30 बजे तक करीब 2 मिमी बारिश हुई है लेकिन इसके बाद बारिश पर ब्रेक लग गया है। यहां भी क्लिक करें - छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश की संभावना
भोपाल में मानसून का असर घटा
राजधानी भोपाल में मानसून का असर फिलहाल कमजोर पड़ गया है। लगातार बारिश के बाद अब गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक जिले में बारिश की कोई उम्मीद नहीं है, लेकिन कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ने की संभावना बनी रहेगी।
अगले चार से पांच दिनों तक गर्मी और उमस का दौर जारी रहेगा। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 24.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह स्थिति आगामी दिनों में बनी रह सकती है।
बारिश के अभाव में सड़कों पर धूल का गुबार उड़ने लगा है। गर्मी और उमस की वजह से धूल के कण हवा में उड़ रहे हैं, जिससे लोगों को सड़क पर चलने में असुविधा हो रही है। धूल के कण स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक हो सकते हैं, अस्थमा या एलर्जी से प्रभावित लोगों के लिए यह और भी खतरनाक है।