
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : प्रदेश में बुधवार को विंध्य और बुंदेलखंड अंचल में रात का पारा तेजी से नीचे गिरा है, जिससे लोगों के गर्म कपड़े अलमारियों से बाहर निकल आए हैं। शहडोल का कल्याणपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, इस सीजन में पहली बार रात का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य शहरों में भी रात की सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है।
दमोह में पारा 11.5 डिग्री, इंदौर में 12.4 डिग्री और उमरिया में 12.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। छिंदवाड़ा में 12.6 डिग्री और रायसेन में 12.8 डिग्री में भी रात में सिहरन महसूस की गई, जबकि राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान गिरकर 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रायसेन और बालाघाट जिले के मलाजखंड में सुबह के समय नमी का स्तर 94 प्रतिशत तक पहुंचने से हल्की धुंध और सिहरन घुली रही।
रात की ठंड के विपरीत निमाड़ और मालवा अंचल में दिन के समय गर्मी का अहसास अभी बना हुआ है। खरगोन में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री, खंडवा में 34.1 डिग्री, रतलाम में 33.0 डिग्री और धार में 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जहां दोपहर में तीखी धूप ने पसीने छुड़ाए।
यह भी पढ़ें- छठ महापर्व पर रेलवे की सौगात, भोपाल और बीना होकर चलेगी यशवंतपुर-ऋषिकेश स्पेशल ट्रेन
मौसम विज्ञानी एसएन साहू ने बताया कि देश के उत्तरी पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो चुका है। वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं। आगामी दो से तीन दिनों में इसका असर दिन के पारे पर भी साफ दिखने लगेगा, जिससे दिन और रात दोनों में सर्दी जोर पकड़ेगी।