
मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश का नाम सुनकर पर्यावरण का एक मनमोहक दृश्य मन में आता है। हरे-भरे पेड़ों से भरपूर जंगल, उनके बीच में पहाड़ों से गिरता झरना, जंगल में घूमते जंगली जानवर। यह सब मध्यप्रदेश की पहचान थे, हैं और हमेशा रहेंगे, लेकिन बीते एक महीने राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश पांच नकारात्मक घटनाओं से चर्चाओं में आया है। हम आपको बता रहें जुलाई में घटी उन 5 घटनाओं के बारे में जिसने मध्य प्रदेश की साख को धूमिल किया है।
सीधी जिले में 4 जुलाई को एक वीडियो सामने आया जिसमें भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला नशे में आदिवासी मजदूर दशमत रावत पर पेशाब करते दिख रहा था। वीडियो के सामने आने के बाद पूरे देश ने घटना की आलोचना की। आरोपी प्रवेश शुक्ला को एनएसए के तहत गिरफ्तार किया गया। प्रशासन ने आरोपी के घर में हुए अवैध निर्माण को बुलडोजर से तोड़ दिया।
विदिशा के नटेरन थाना क्षेत्र के दुपहरिया गांव में रक्षा गिरी (19) को उसी के गांव का संदीप धाकड़ (22) परेशान करता था। वह कॉलेज पढ़ाने के लिए जाती तो 12वीं फेल संदीप छेड़छाड़ करता था। रक्षा के पिता धीरेंद्र गिरी ने संदीप के खिलाफ एफआईआर करवाई, लेकिन पुलिस ने सहयोग नहीं किया। रक्षा को लगने लगा कि रसूखदार संदीप के सामने उसकी सुनवाई नहीं होगी, तो उसने आत्महत्या कर ली। उसके बाद संदीप को पुलिस ने गिरफ्तार किया और वह 27 बाद जमानत पर बाहर आ गया। बेटी को न्याय ना दिला पाने के गम में बेटी की मौत के दो महीने बाद धीरेंद्र गिरी ने भी आत्महत्या कर ली।
7 जुलाई की रात धार जिले के नालछा में रहने वाले दोनों भाई बाइक से जा रहे थे, तभी उनकी बाइक फिसल गई और दोनों गिर गए। इस दौरान पीछे से आ रहा आरोपी युवक सुमित चौधरी ने नशे में बाइक को हटाने को कहा और गालियां दी। इस बात का दोनों भाइयों ने विरोध किया, तो अपने साथियों के साथ सुमित चौधरी दोनों भाइयों को राऊ क्षेत्र में ले गया। वहां रातभर कमरे में बंद रखकर दोनों भाइयों को जमकर पीटा।
शुक्रवार रात को एक वीडियो सामने आया, जिसमें मोहसिन नाम के एक युवक को चार-पांच युवक चलती कार में पीट रहे हैं। कार तेज साउंड बज रहा है। इस बीच गोलू गुर्जर नाम का युवक मोहसिन से कहता है कि गोलू गुर्जर कौन है, तेरा बाप है। वह उससे पैर दबवाते और जबरन पैर चटवाते दिख रहा है। पुलिस ने शिकायत के बाद गोलू गुर्जर, सुदीप गुर्जर, तेजेंद्र गुर्जर और अमित गुर्जर के खिलाफ अपहरण-मारपीट का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
30 जून को शिवपुरी के नरवर थाना क्षेत्र के वरखाड़ी गांव में अर्जुन और संतोष को अजमत, आरिफ, इस्लाम, शहीद व बकील ने घर पर बुलाया। उसके बाद लड़कियों से छेड़छाड़ व चोरी के शक में दोनों को पांचों आरोपियों ने कमरे में बंद कर जमकर पीटा। उसके बाद उनके चेहरों पर कालिख पोती। पांचों यहीं नहीं रुके वह मल लेकर आए और दोनों को खिलाने लगे। उसके बाद उनके चेहरे पर मल पोत दिया। पांचों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन ने इनके चार घरों को बुलडोजर से तोड़ दिया है।