
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश को 48 नए उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) मिलने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी भौंरी में आयोजित दीक्षांत समारोह में अपना कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले इन पुलिस अधिकारियों को सम्मानित करेंगे। इस नए बैच में 20 महिला और 28 पुरुष अधिकारी शामिल हैं।
पुलिस अकादमी के परेड ग्राउंड में मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे 44वें और 45वें बैच का संयुक्त दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। दोनों बैचों को मिलाकर कुल 48 अधिकारियों ने अपना बुनियादी प्रशिक्षण पूरा किया है। इनमें जिला पुलिस बल के 37, रेडियो संवर्ग के नौ और जिला सेनानी होमगार्ड के दो अधिकारी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- विश्व के सबसे बड़े संग्रहालय की शान बढ़ाएंगी एमपी की दो दुर्लभ प्रतिमाएं, अब दिल्ली में दिखेगी चमक
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव परेड की सलामी लेने के साथ उसका विधिवत निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री प्रशिक्षण अवधि के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैच के विजेता अधिकारियों को शील्ड और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित करेंगे।