
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में रंगदारी वसूलने के लिए एक बदमाश ने नया तरीका अपनाया है। भोपाल से मंडीदीप के बीच चलने वाली इंटरसिटी बसों के संचालकों को एक कुख्यात बदमाश ने धमकी दी कि इस रूट पर बस चलानी है तो रोजाना 500 रुपये हफ्ता देना होगा। रकम नहीं दी तो उनकी बसों में जेबकतरे भर दिए जाएंगे।
आरोप है कि बस संचालकों के विरोध करने पर उसने अपनी धमकी को हकीकत में बदलना शुरू कर दिया। बसों में जेबकतरों के गिरोह भेजे जाने लगे और यात्रियों की जेबें कटने लगीं। बाद में मामला लूटपाट तक पहुंच गया। परेशान करीब 40 बस संचालकों ने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से शिकायत की।
इसके बाद हरकत में आई मंगलवारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रंगदारी मांगने वाले यासीन उर्फ मजिस्ट्रेट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, बागसेवनिया पुलिस उसके साथियों और लूट की वारदातों में शामिल आरोपितों की तलाश कर रही है।
मंडीदीप रूट की करीब 40 बसों का भोपाल में आखिरी स्टॉप मंगलवारा है। यहीं बसें खड़ी होती हैं और यहीं का रहने वाला यासीन उर्फ मजिस्ट्रेट अपना दबदबा दिखाकर संचालकों से वसूली करता था।
आरोप है कि वह बस मालिकों को फोन कर और आमने-सामने मिलकर धमकाता था। उसकी मांग रोजाना 200 से 500 रुपये तक देने की थी। बस संचालकों का आरोप है कि रकम नहीं देने पर वह बसों में जेबकतरों को बैठाने की धमकी देता था।
बस मालिक सुरेश साहू और यूसुफ ने मंगलवारा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यासीन कई महीनों से उन्हें धमका रहा था। उसकी मांग पूरी नहीं करने पर वह मंगलवारा से जेबकतरों को बसों में बैठाने की धमकी देता था। ये बदमाश समूह में सफर करते और यात्रियों की जेब काटते थे। कई बार यात्रियों ने जेबकतरों को पकड़कर भी पुलिस के हवाले किया। इसके बावजूद वसूली का दबाव कम नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- भोपाल में तैयार हुई दुनिया की पहली बर्ड फ्लू वैक्सीन, 1-2 रुपये में मिलेगी डोज, 90 लाख मुर्गी पालकों को राहत
आरोप है कि हफ्ता नहीं मिलने पर यासीन और उसके साथियों ने अड़ीबाजी बढ़ा दी। बागसेवनिया क्षेत्र में बस के कंडक्टर से चाकू की नोंक पर लूटपाट की वारदात भी हुई। लगातार धमकियों, जेबकतरी और लूटपाट से परेशान बस संचालकों ने एकजुट होकर पुलिस कमिश्नर से शिकायत की थी।
मंगलवारा पुलिस ने यासीन उर्फ मजिस्ट्रेट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, बागसेवनिया पुलिस लूट के मामले में उसके साथी नसीम उर्फ ब्रेकर, शादाब सहित अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।
बस संचालकों से हफ्ता वसूली के लिए धमकाने वाले बदमाश यासीन मजिस्ट्रेट को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित बस संचालकों पर रुपये देने का दबाव बना रहा था और रकम नहीं देने पर धमकियां देता था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया।- अजय कुमार सोनी, थाना प्रभारी, मंगलवारा