
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मुर्गियों को बर्ड फ्लू यानी एवियन इन्फ्लुएंजा से बचाने के लिए भारत ने दुनिया और अपना पहला स्वदेशी टीका विकसित कर लिया है। भोपाल के आनंद नगर स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आइसीएआर)-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान (निह्साद) के वैज्ञानिकों ने एच5एन1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए के खिलाफ यह टीका तैयार किया है।
शुक्रवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसका औपचारिक लोकार्पण किया। उन्होंने घोषणा की कि निह्साद में जल्द ही 300 करोड़ रुपये की लागत से बीएस-4 लैब भी बनाई जाएगी।
इस टीके से मुर्गियों को छह महीने तक सुरक्षा मिलने की संभावना है। टीकाकरण से पक्षियों में संक्रमण फैलने, वायरस के उत्सर्जन और दूसरे पक्षियों तक बीमारी पहुंचने की आशंका कम करने में मदद मिलेगी। इससे पोल्ट्री फार्मों में बड़े पैमाने पर होने वाले नुकसान को रोकने में मदद मिल सकती है। इस टीके को बनाने की शुरुआत सितंबर 2025 में हुई थी और इसे अगस्त 2026 में तैयार किया गया।
भोपाल के आइसीएआर-निह्साद में वैज्ञानिकों की टीम ने निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल के मार्गदर्शन और विज्ञानी डॉ. एस. नागराजन के नेतृत्व में इस टीके को तैयार किया। संस्थान में इसकी जांच और परीक्षण किया गया।
परीक्षण में वैक्सीन लगी मुर्गी को बर्ड फ्लू के वायरस के संपर्क में लाया गया। साथ रखी दूसरी मुर्गी में वायरस नहीं फैला। इससे यह साफ हुआ कि वैक्सीन संक्रमण के प्रसार को रोकने में सक्षम है। यह वैक्सीन अंडा देने वाली मुर्गी और चूजा पैदा करने वाले पक्षियों के लिए उपयोगी होगी। इससे संक्रमण फैलने पर बड़ी संख्या में मुर्गियों को मारने की जरूरत कम हो सकती है। इससे किसानों का नुकसान बचेगा और कुक्कुट पालन को भी सुरक्षा मिलेगी।
संस्थान के अनुसार, इस टीके की एक खुराक की अनुमानित कीमत एक से दो रुपये हो सकती है। इसकी सालाना मांग 80 से 100 करोड़ खुराक तक पहुंचने का अनुमान है। देश में करीब 85.18 करोड़ मुर्गियों की आबादी को देखते हुए यह टीका पोल्ट्री क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। अब तक भारत में इस वायरस के संबंधित क्लेड के खिलाफ कोई विशिष्ट व्यावसायिक टीका उपलब्ध नहीं था।
आइसीएआर के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट ने कहा कि यह टीका वन हेल्थ के नजरिए से बहुत महत्वपूर्ण है। वर्ष 2006 से भारत में एच5एन1 के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं। पक्षियों में ही इस रोग को रोक लेने से मनुष्यों में इसके फैलने का खतरा कम हो जाएगा। इस तरह यह टीका भविष्य में आने वाली महामारी के खिलाफ सुरक्षा कवच के रूप में काम करेगा।
कार्यक्रम में वैक्सीन बनाने वाली टीम के आठ वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया। केंद्रीय मंत्री ने सभी को सम्मान पत्र देकर उनकी मेहनत की सराहना की। सम्मान पाने वालों में डा. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच. वी. मुरुगार, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. डी. सेंथिल कुमार, डॉ. नवीन कुमार और डॉ. आर. योगीशराध्या शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में जेल में बंद छात्र की मौत पर बवाल, शव रखकर सीएम हाउस के पास चक्काजाम, 7 थानों की पुलिस तैनात
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वैज्ञानिकों की उपलब्धि को पशु स्वास्थ्य और किसानों की आजीविका सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि देश में 90 लाख से अधिक छोटे, मध्यम और घरेलू स्तर के पोल्ट्री पालक इस क्षेत्र से जुड़े हैं। बर्ड फ्लू के प्रकोप से मुर्गियों की मौत और बड़े पैमाने पर उन्हें नष्ट करने की स्थिति में किसानों को आर्थिक नुकसान होता है।
स्वदेशी टीका इस नुकसान को कम करने में मददगार हो सकता है। उन्होंने कहा कि पक्षियों में बीमारी को नियंत्रित करना वन हेल्थ के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे मनुष्यों में पशुजन्य संक्रमण का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।