
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में इस बार विद्यार्थियों को रटकर नहीं, बल्कि समझकर पढ़ाई करनी होगी। मंडल ने सत्र 2026-27 की परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों के पैटर्न में बदलाव किया है। अब विद्यार्थियों से सीधे सवाल पूछने के बजाय एप्लीकेशन बेस्ड यानी विषयों की अवधारणाओं और व्यावहारिक समझ पर आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे।
इसके लिए विद्यार्थियों को पूरी किताब पढ़नी होगी। वहीं, प्रश्नपत्रों में दो अंकों के अति लघुउत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प की सुविधा समाप्त कर दी गई है। इसके अलावा 10वीं में इस वर्ष बेस्ट आफ फाइव योजना भी लागू नहीं होगी। ऐसे में विद्यार्थियों को सभी छह विषयों में पास होना अनिवार्य होगा।
माशिमं की कार्यपालिका समिति की बैठक में प्रश्नपत्रों के आंतरिक विकल्पों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। नए निर्देशों के अनुसार मुख्य विषयों के प्रश्नपत्रों में दो अंकों के अति लघु उत्तरीय प्रश्नों में विकल्प नहीं दिए जाएंगे।
हालांकि, तीन अंकों के लघुउत्तरीय और चार अंकों के दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में पहले की तरह आंतरिक विकल्प मिलते रहेंगे। वहीं, एनएसक्यूएफ विषयों में पांच अंकों के दीर्घउत्तरीय और सात अंकों के निबंधात्मक प्रश्नों में आंतरिक विकल्प की सुविधा शुरू की गई है।
एप्लीकेशन बेस्ड प्रश्न पूछे जाने से विद्यार्थियों को प्रत्येक विषय की मूल अवधारणाओं को समझना होगा। केवल महत्वपूर्ण प्रश्नों और चुनिंदा अध्यायों की तैयारी करना पर्याप्त नहीं होगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने भी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों को पूरे पाठ्यक्रम की पढ़ाई कराई जाए, ताकि किताब के किसी भी हिस्से से सवाल आने पर वे उसे हल कर सकें।
माशिमं ने सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए सैंपल पेपर जारी कर दिए हैं। इनमें विषयवार प्रश्नों और अंकों के वितरण की जानकारी दी गई है। स्कूलों में विद्यार्थियों को सैंपल पेपर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे नए पैटर्न के अनुसार अभ्यास कर सकें। मप्र बोर्ड की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी। इसमें 16 लाख से अधिक परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- एमपी में आबकारी विभाग भी दागदार, अब तक कई हुए निलंबित लेकिन राजनीतिक संरक्षण में बच जाती है नौकरी
वरिष्ठ काउंसलर शबनम खान का कहना है कि नए परीक्षा पैटर्न में विद्यार्थियों को विषयों को समझकर लिखकर प्रैक्टिस करने पर ध्यान देना चाहिए। नियमित पढ़ाई के साथ सैंपल पेपर हल करने से प्रश्नों के स्वरूप को समझने और समय प्रबंधन में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों को किसी भी अध्याय को छोड़ने के बजाय पूरे पाठ्यक्रम की तैयारी करनी चाहिए।
इस बार बोर्ड परीक्षा में अति लघुउत्तरीय प्रश्नों से विकल्प को समाप्त किया गया है। साथ ही एप्लीकेशन बेस्ड सवाल पूछे जाएंगे। प्रश्नों के पैटर्न को समझने के लिए सैम्पल पेपर जारी कर दिए गए हैं।- बुद्धेश कुमार वैद्य, सचिव, माशिमं