MP में आबकारी विभाग और शराब माफिया का बेखौफ गठजोड़, डिप्टी CM के पूर्व OSD समेत कई सवालों के घेरे में
प्रदेश में राजनीतिक संरक्षण में आबकारी अधिकारी और शराब ठेकेदारों के गठजोड़ के कारण लाइसेंसी दुकानों से घटिया शराब की बिक्री और मिलावटखोरी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।
Publish Date: Tue, 10 Nov 2026 06:14:48 PM (IST)Updated Date: Tue, 10 Nov 2026 06:51:04 PM (IST)
MP में आबकारी विभाग और शराब माफिया का बेखौफ गठजोड़। (AI Generated Image)HighLights
- MP में आबकारी विभाग और शराब माफिया का बेखौफ गठजोड़
- राजनीतिक संरक्षण में फिर मलाईदार पदों पर लौटते हैं अफसर
- डिप्टी सीएम के पूर्व OSD समेत कई अफसरों पर उठे गंभीर सवाल
सौरभ सोनी, नईदुनिया, भोपाल। जहरीली और अवैध शराब के कारोबार में आबकारी विभाग की मिलीभगत से इन्कार नहीं किया जा सकता। विभाग में भ्रष्टाचार का एक बड़ा और ताजा उदाहरण जिला आबकारी अधिकारी दीपम रायचुरा का है। रायचुरा मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) भी रह चुके हैं और वर्तमान में निलंबित हैं।
निलंबन बना रस्म अदायगी, जुगाड़ से लौट आते हैं मलाईदार पदों पर
अवैध शराब से जुड़े मामले में देवास, सागर और हरदा जिले के कई अधिकारी हाल ही में निलंबित किए गए हैं। यह निलंबन रस्म अदायगी से ज्यादा कुछ नहीं होता। जब कोई मामला गर्म होता है, तो जनता के गुस्से को शांत करने के लिए अधिकारियों को निलंबित कर मुख्यालय अटैच कर दिया जाता है।
जैसे ही मामला ठंडा पड़ता है, ये अधिकारी अपने राजनीतिक आकाओं के जरिये जुगाड़ करके या विभागीय अपीलों के माध्यम से नौकरी बचा लेते हैं और फिर मलाईदार पदों पर वापस आ जाते हैं।
राजनीतिक संरक्षण में बढ़ी मिलावटखोरी, कई जिलों में जा चुकी हैं जानें
इसी तरह, प्रदेश में राजनीतिक संरक्षण में आबकारी अधिकारी और शराब ठेकेदारों के गठजोड़ के कारण लाइसेंसी दुकानों से घटिया शराब की बिक्री और मिलावटखोरी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी TET परीक्षा की तारीख का एलान, इस दिन होगा एग्जाम, जिला मुख्यालयों पर ऑफलाइन होगा टेस्ट
देवास और सागर ही नहीं इससे पहले मुरैना, मंदसौर, उज्जैन, भिंड और इंदौर में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मृत्यु हो चुकी है। निगरानी तंत्र की कमी के चलते कुछ आबकारी अधिकारी मनचाही पदस्थापना कराकर जमे हुए हैं। माफिया तो सारी कार्रवाई से बच ही निकलता है।
गठजोड़ के ये उदाहरण आए सामने
- अगस्त, 2026 में मुरैना की कार्यवाहक प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी (एडीइओ) निधि गुप्ता का शराब ठेकेदार से पैसों के लेनदेन और मासिक रिश्वत की बातचीत का आडियो सामने आया था। इसके बाद कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।
जुलाई 2026 के अंत में छतरपुर से एक वीडियो बहुप्रसारित हुआ था। इसमें आबकारी विभाग की सरकारी गाड़ी से शराब की बोतलें दूसरी निजी गाड़ी में शिफ्ट की जा रही थीं।
देवास जिले में शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना की मौत के मामले में प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित का एक आडियो बहुप्रसारित हुआ था। बातचीत में दो करोड़ रुपये के सेटलमेंट, दबाव और लेन-देन का जिक्र था।
धार जिले के तत्कालीन जिला आबकारी अधिकारी (डीईओ) संजीव दुबे का भी एक व्हिसलब्लोअर के साथ बातचीत का आडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह शराब ठेकेदारों द्वारा राजनेताओं को लाखों रुपये पहुंचाने और अवैध लेनदेन की बातें कर रहे थे। इसके बाद तत्कालीन सरकार ने उन्हें पद से हटा दिया था।