
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। साइबर ठगी की जड़ पर प्रहार करते हुए मध्य प्रदेश पुलिस की राज्य साइबर सेल ने फर्जी सिम के नेटवर्क के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय के अनुसार, 'आपरेशन फास्ट-2.0' (ऑपरेशन FAST-2.0) देश में फर्जी सिम के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इस अभियान के तहत 100 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, 156 आरोपितों की पहचान हुई और 80 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह अभियान 16 अगस्त 2026 से शुरू किया गया था, जिसका नेतृत्व साइबर पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान समूह ने किया। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) और दूरसंचार विभाग से मिले आंकड़ों तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) की शिकायतों के विश्लेषण से साइबर अपराध के संवेदनशील इलाकों और फर्जी सिम नेटवर्क की पहचान की गई। इसी आधार पर 504 संदिग्ध पीओएस (सिम बिक्री केंद्र) संचालकों, एजेंटों और फर्जी सिम का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया कि कुछ पीओएस संचालक और एजेंट फर्जी सिम जारी कर उन्हें थोक में अपराधियों तक पहुंचा रहे थे। इन सिमों का उपयोग डिजिटल अरेस्ट, लोन-ऐप धोखाधड़ी और अन्य आर्थिक ठगी में किया जा रहा था। अभियान में 1,437 फर्जी सिम चिह्नित की गई हैं, जिनसे जुड़े नंबरों के खिलाफ एनसीआर पोर्टल पर 1,907 शिकायतें दर्ज हैं।
इस अभियान के दौरान की गई कार्रवाई में 9 मास्टर सिम, 127 फर्जी सिम, 4 अंगूठे के निशान लेने वाली मशीनें, 31 मोबाइल-लैपटॉप और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। बाकी संदिग्धों की गिरफ्तारी, जब्ती और तलाशी की कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित सिम पोर्ट करने, एक महीने मुफ्त इंटरनेट या मुफ्त उपहार का लालच देकर लोगों के पहचान पत्रों का गलत इस्तेमाल करते थे। कुछ मामलों में कर्ज स्वीकृत कराने का झांसा देकर दस्तावेज लिए गए और उनके नाम पर सिम जारी कराई गई। इन सिमों से सोशल मीडिया के माध्यम से इंस्टाग्राम, फेसबुक, टेलीग्राम और वाट्सएप पर फर्जी लिंक भेजे गए तथा फर्जी समूह और खाते बनाकर लोगों को निवेश का लालच दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने इस कार्रवाई की सराहना की है। 7 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में मध्य प्रदेश को सिम और पीओएस नेटवर्क तोड़ने से जुड़े विषय पर प्रतिनिधि राज्य के रूप में आमंत्रित किया गया, जहां पुलिस ने अभियान की कार्ययोजना और उपलब्धियां साझा कीं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 'मजिस्ट्रेट' की धमकी, कहा- हफ्ता दो वरना बस में भर दूंगा जेबकतरे; शिकायत के बाद गिरफ्तार
कई अन्य राज्यों ने भी ऐसी कार्रवाई करने की इच्छा जताते हुए मध्य प्रदेश पुलिस से संपर्क किया है। इस अभियान में देवास, सतना, इंदौर, भोपाल, टीकमगढ़, छतरपुर, रतलाम, जबलपुर, राजगढ़, ग्वालियर और शिवपुरी जिलों की पुलिस ने अहम भूमिका निभाई।