
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। छठ पूजा के बाद बिहार से मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सहित देश के दूसरे राज्यों में नौकरी और कामकाज के लिए लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों (Chhath Special Trains) के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाते हैं और पर्व समाप्त होने के बाद वापस कार्यस्थलों पर लौटते हैं।
ऐसे में नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग और कन्फर्म टिकट की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने रानी कमलापति-दानापुर के बीच चलने वाली दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए हैं। इसके अलावा दरभंगा और जयनगर से हडपसर तथा लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों से भोपाल मंडल के इटारसी सहित कई प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
रेलवे ने छठ पूजा के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रानी कमलापति-दानापुर के बीच चलने वाली दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन बढ़ाया है। गाड़ी संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल 16 से 27 नवंबर तक सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। इसके तीन अतिरिक्त फेरे होंगे। वापसी में 01668 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल 17 से 28 नवंबर तक मंगलवार और शनिवार को चलेगी।
वहीं, 01661 रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल 11 से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और 01662 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल 12 से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। इन दोनों के दो-दो अतिरिक्त फेरे होंगे। सभी ट्रेनों के समय, ठहराव और कोच संरचना पूर्ववत रहेंगे।
यह भी पढ़ें- भोपाल मेट्रो यात्रियों के लिए जरूरी खबर, 16 नवंबर से लागू होगा नया टाइम टेबल, देखें नया शेड्यूल
रेलवे दरभंगा और जयनगर से पुणे व मुंबई के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। गाड़ी संख्या 05533 दरभंगा-हडपसर स्पेशल 17 और 24 नवंबर को शाम 7:30 बजे रवाना होकर सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया और इटारसी होते हुए गुरुवार सुबह 7:40 बजे हडपसर पहुंचेगी। वापसी में 05534 हडपसर-दरभंगा स्पेशल 19 और 26 नवंबर को सुबह 10 बजे चलेगी।
वहीं, 05535 जयनगर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल 17 और 24 नवंबर को रात 11:50 बजे रवाना होगी। वापसी में 05536 ट्रेन 19 और 26 नवंबर को शाम 7 बजे चलेगी। दोनों जोड़ी ट्रेनें इटारसी, जबलपुर, कटनी और सतना होकर गुजरेंगी।