
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल एटीएस की टीम ने यूपी एटीएस व एसटीएफ के साथ मिलकर सहारनपुर के नानौता कस्बे से 38 वर्षीय नईम अब्दुल्ला को गिरफ्तार किया। एटीएस भोपाल की टीम आरोपित को अपने साथ ले गई। स्थानीय स्तर पर टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर ने कार्रवाई को गोपनीय बताया है। आरोपित नईम किसी पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था।
नानौता कोतवाली में शुक्रवार शाम चार बजे भोपाल एटीएस के प्रभारी राहुल कुमार शर्मा यूपी एटीएस व एसटीएफ की टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने इंस्पेक्टर ज्ञानेश्वर बौद्ध को एक व्यक्ति के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस एटीएस व एसटीएफ की टीम के साथ मुहल्ला अफगानान में पहुंची। टीम ने नईम अब्दुल्ला को उसके घर से गिरफ्तार किया। टीम प्रभारी के अनुसार नईम किसी पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क में था और भोपाल एटीएस काफी समय से उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर रख रही थी।
टीम ने आरोपित व उसके तीन स्वजन के मोबाइल फोन को कब्जे में लिया। स्वजन के तीन मोबाइल जांच के बाद वापस कर दिए, जबकि आरोपित का मोबाइल कब्जे में ले लिया। वहीं आरोपित के कमरे से कई धार्मिक साहित्य व किताबें भी बरामद हुईं, इनको भी टीम ने कब्जे में ले लिया। आरोपित के मोबाइल में महत्वपूर्ण जानकारी होने का दावा किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- सागर में फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में परेशान युवक ने खुद को लगाई आग, 90% झुलसा, बचाने में ब्रांच मैनेजर भी झुलसे
बताया जा रहा है कि भोपाल में पहले से दर्ज एक मुकदमे में नईम को सह-आरोपित बनाया गया था। वहीं आरोपित पाकिस्तान के किसी हैंडलर के संपर्क में था। उसी मामले में यह कार्रवाई की गई। टीम प्रभारी ने बताया कि कई राज्यों में एक साथ छापेमारी चल रही है। इसलिए विस्तृत जानकारी अभी नहीं दी जा रही है। आरोपित के पड़ोसियों का कहना है कि नईम ज्यादातर अपने घर के अंदर ही रहता था। आरोपित को किसी ने भी मोहल्ले में किसी से बात करते हुए नहीं देखा।