
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। मकरोनिया थाना क्षेत्र स्थित महिंद्रा फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में शुक्रवार सुबह एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना में युवक करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गया। वहीं आग बुझाने की कोशिश में कंपनी का ब्रांच मैनेजर भी झुलस गया। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार राहतगढ़ निवासी नीलेश कुमार जैन ने महिंद्रा फाइनेंस कंपनी से एक वाहन फाइनेंस कराया था। वाहन की दो किस्तें बकाया होने के चलते कंपनी ने पिछले दिनों वाहन को जब्त कर लिया था। शुक्रवार को नीलेश वाहन वापस लेने के लिए कंपनी के ऑफिस पहुंचा था। इस दौरान उसकी कंपनी स्टाफ से कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवक ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। अचानक हुई घटना से ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, जिसमें ब्रांच मैनेजर अतुल तोमर भी झुलस गए। जैसे-तैसे आग को बुझाकर दोनों को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना के बाद मकरोनिया पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई, जहां उन्होंने साक्ष्य एकत्रित किए, साथ ही घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें मैनेजर के केबिन से नीलेश जलते हुए निकलता हुआ दिखाई दे रहा है।
मामले में घायल के स्वजन ने फाइनेंस कंपनी पर आरोप लगाते हुए बताया कि फाइनेंस कंपनी के लोग लगातार नीलेश को प्रताड़ित कर रहे थे। मकरोनिया थाना प्रभारी रावेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि युवक ने बैंक के अंदर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई है, मामला जांच में लिया गया है। फिलहाल मकरोनिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।