
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल में बचत का मौका फायदेमंद साबित हो रहा है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भोपाल और ग्वालियर रीजन के 16 जिलों में अक्टूबर 2026 के दौरान 10 लाख 47 हजार 487 उपभोक्ताओं को टाइम आफ डे (टीओडी) टैरिफ के तहत कुल 10 करोड़ 30 लाख 57 हजार रुपये की छूट दी गई है। यह छूट सुबह 9 से शाम 5 बजे तक यानी सोलर आवर्स में बिजली का उपयोग करने पर मिल रही है।
कंपनी के अनुसार, भोपाल रीजन के 8 लाख 38 हजार 826 उपभोक्ताओं को 7 करोड़ 64 लाख 90 हजार रुपये और ग्वालियर रीजन के 2 लाख 8 हजार 661 उपभोक्ताओं को 2 करोड़ 65 लाख 67 हजार रुपये की छूट मिली है। 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड या अनुबंधित मांग वाले उपभोक्ताओं को इस अवधि में ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर पर 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है।
कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर लगवाने और बिजली खपत को बेहतर ढंग से प्रबंधित करने की अपील की है। स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ता मोबाइल ऐप पर बिजली की खपत का रियल टाइम डेटा देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें- ऐशबाग जनता क्वार्टर की महिलाएं पहुंची मंत्री के बंगले, बोलीं- मदद नहीं तो राखी वापस लो
इससे खपत पर नजर रखने, अनावश्यक बिजली उपयोग कम करने और बिल में बचत करने में मदद मिलती है। मीटर संबंधी जानकारी के लिए उपभोक्ता बिजली कंपनी के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।