
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं के लिए नया बिजली कनेक्शन लेने की प्रक्रिया को सरल और ऑनलाइन कर दिया है। कंपनी के "सरल संयोजन पोर्टल" के माध्यम से अब तक पूरे कार्यक्षेत्र में छह लाख 11 हजार से अधिक नए कनेक्शन (दस किलोवाट तक के अस्थायी कनेक्शन सहित) निर्धारित समयावधि में प्रदान किए जा चुके हैं। इनमें से केवल भोपाल शहर और ग्रामीण वृत्त में ही एक लाख 21 हजार 619 कनेक्शन दिए गए हैं।
कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि जुलाई 2023 से शुरू हुए इस पोर्टल के जरिए उपभोक्ताओं को अब दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। नया कनेक्शन लेने के लिए आवेदक कंपनी के सरल संयोजन पोर्टल या "उपाय" ऐप पर जाकर जरूरी दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं और निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी UCC का ड्राफ्ट अंतिम चरण में... दो भाग में होगी रिपोर्ट, एक में अनुशंसा और दूसरे में जन परामर्श
आवेदन और भुगतान की प्रक्रिया पूरी होते ही बिजली कंपनी तय समय-सीमा के भीतर सर्वे और अन्य औपचारिकताएं पूर्ण कर सीधे उपभोक्ता के परिसर में नया कनेक्शन उपलब्ध करा देती है।