
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। चार साल से स्पेशल ट्रेन के रूप में चल रही रानी कमलापति-अगरतला ट्रेन को अब रेलवे ने नियमित ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला लिया है। इससे भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सबसे बड़ा फायदा किराये में मिलेगा। अभी स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालन होने से यात्रियों को सामान्य एक्सप्रेस की तुलना में 30 फीसदी अधिक किराया देना पड़ रहा था।
नवदुनिया ने 27 जुलाई को लगातार स्पेशल के रूप में चल रही इस ट्रेन और यात्रियों से वसूले जा रहे अतिरिक्त किराये को लेकर खबर प्रकाशित की थी। इसके करीब एक माह बाद रेलवे ने ट्रेन को नियमित करने का निर्णय लिया है।
रेलवे के निर्णय के बाद ट्रेन संख्या 01665/01666 रानी कमलापति-अगरतला स्पेशल अब 11665/11666 रानी कमलापति-अगरतला साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलेगी। ट्रेन 11665 का नियमित संचालन 22 अक्टूबर 2026 से रानी कमलापति स्टेशन से शुरू होगा। वहीं, 11666 अगरतला-रानी कमलापति एक्सप्रेस 25 अक्टूबर से अगरतला से चलेगी। 11665 प्रत्येक गुरुवार और 11666 प्रत्येक रविवार को संचालित होगी।
ट्रेन रानी कमलापति से चलकर नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, माणिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, नौगछिया, कटिहार, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू कूचबिहार, न्यू अलीपुरद्वार, न्यू बोंगाईगांव, रंगिया, गुवाहाटी, छपारमुख, न्यू हाफलोंग, बदरपुर, न्यू करीमगंज, धर्मनगर, कुमारघाट, अंबासा और तेलियामुरा होते हुए अगरतला पहुंचेगी। ट्रेन करीब 2481 किलोमीटर का सफर तय करेगी।
स्पेशल ट्रेन के मौजूदा आनलाइन किराया आंकड़ों में रानी कमलापति से अगरतला तक स्लीपर का किराया करीब 795 से 1,095 रुपये और नियमित ट्रेन का आनलाइन उपलब्ध किराया करीब 825 रुपये के लगभग है, लेकिन अलग-अलग तारीख, कोटा और शुल्क के कारण किराये में अंतर हो सकता है।
हालांकि नियमित ट्रेन होने का फायदा केवल किराये तक सीमित नहीं रहेगा। यात्रियों को स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त शुल्क से राहत मिलेगी और लंबे समय से नियमित ट्रेन की मांग भी पूरी होगी। इससे भोपाल और आसपास के यात्रियों के लिए पूर्वोत्तर भारत, खासकर त्रिपुरा और अगरतला तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
नियमित ट्रेन की संशोधित संरचना में कुल 22 कोच होंगे। इसमें 8 स्लीपर, 2 सेकेंड एसी, 1 थर्ड एसी इकोनामी, 5 थर्ड एसी, 4 सामान्य श्रेणी और 2 जनरेटर कार शामिल हैं। ट्रेन के नियमित संचालन से मध्यप्रदेश के यात्रियों को अगरतला और पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक दिन नियमित रेल सुविधा मिलेगी।
| ट्रेन का नाम | परमानेंट नंबर |
| सीएसएमटी-रीवा-सीएसएमटी एक्सप्रेस | 20153/20154 |
| बांद्रा टर्मिनस-जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस | 20163/20164 |
| हुबली-योग नगरी रिषीकेश-हुबली | 17363/17364 |
| हैदराबाद-जयपुर-हैदराबाद | 17079/17080 |
| काचीगुंडा-श्रीनगर-काचीगुंडा | 17601/17602 |
| चरापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस | 22075/22076 |