
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच भोपाल और आसपास के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की अतिरिक्त यात्रा मांग को देखते हुए विशाखापट्टनम से हजरत निजामुद्दीन और फरीदाबाद के बीच दो समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। ये दोनों ट्रेनें रानी कमलापति स्टेशन होकर गुजरेंगी, जिससे भोपाल के यात्रियों को दिल्ली और उत्तर भारत की ओर यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 08513 विशाखापट्टनम-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन 21 मई को विशाखापट्टनम से रवाना होगी और 23 मई को हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन पर रात 10:20 बजे आएगी और 10:25 बजे आगे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08514 हजरत निजामुद्दीन-विशाखापट्टनम स्पेशल ट्रेन 24 मई को चलेगी। यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन पर दोपहर 2:10 बजे पहुंचेगी और 2:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन दुव्वाडा, राजमुंदरी, बल्लारशाह, नागपुर, झांसी और आगरा कैंट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 08515 विशाखापट्टनम-फरीदाबाद स्पेशल ट्रेन 21 मई को विशाखापट्टनम से रवाना होकर 23 मई को फरीदाबाद पहुंचेगी। यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन पर दोपहर 3:45 बजे पहुंचेगी और 3:50 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08516 फरीदाबाद-विशाखापट्टनम स्पेशल ट्रेन 25 मई को चलेगी, जो रानी कमलापति स्टेशन पर दोपहर 3:05 बजे आएगी और 3:10 बजे आगे बढ़ेगी। यह ट्रेन आर्कू, कोरापुट, रायपुर, दुर्ग, नागपुर, झांसी और आगरा कैंट स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
यह भी पढ़ें- MP में खसरे का प्रकोप, प्रदेश के 25 जिले प्रभावित, चार माह में 800 मामले आए सामने; अलर्ट जारी
रेलवे का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों के चलने से भोपाल समेत मध्य भारत के यात्रियों को गर्मियों में कन्फर्म सीट मिलने में आसानी होगी और लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे। यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी और आरक्षण संबंधी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से जांचने की अपील की गई है।