भोपाल में युवक की डंडे मारकर हत्या, पुरानी रंजिश के चलते पार्टी में हुआ विवाद
पुरानी रंजिश के चलते 20 वर्षीय विक्रम मालवीय की डंडे मारकर हत्या कर दी गई।आरोपित 22 वर्षीय वैभव बामनीय वारदात के बाद मौके से फरार हो गया, तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
By Brajendra rishishwarEdited By: bhupendra Singh Rajput
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 02:57:37 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 02:57:37 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- स्टेट डेयरी के पास पार्टी में विवाद के बाद 20 वर्षीय युवक की हत्या
- पुरानी रंजिश में आरोपी ने सिर और छाती पर किए डंडे से तीन-चार वार
- हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत, आरोपी फरार
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। शहर के रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित स्टेट डेयरी के पास एक खंडहर में बुधवार रात पुरानी रंजिश के चलते 20 वर्षीय विक्रम मालवीय नाम के युवक की डंडे मारकर हत्या कर दी गई।आरोपित 22 वर्षीय वैभव बामनीय वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
रातीबड़ थाने के एसआई गौरव पांडेय ने बताया कि विक्रम मालवीय स्टेट डेयरी परिसर में रहता था और मकानों व दुकानों में टाइल्स लगाने का काम करता था। उसके पिता स्टेट डेयरी में कर्मचारी हैं।
बुधवार शाम विक्रम अपने चार-पांच दोस्तों के साथ स्टेट डेयरी के पास स्थित खंडहर के पास पार्टी करने के लिए जमा हुआ था। इस पार्टी में उसका परिचित और आरोपित वैभव बामनीय भी शामिल था।
कहासुनी के बाद सिर और छाती पर मारे डंडे
पुलिस जांच में सामने आया है कि विक्रम और वैभव के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन कुछ समय पहले किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। तभी से दोनों एक-दूसरे से रंजिश रखने लगे थे। बुधवार रात पार्टी के दौरान इसी पुरानी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि वैभव ने गुस्से में पास पड़ा एक भारी डंडा उठा लिया और विक्रम के सिर व छाती पर दनादन तीन से चार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से विक्रम लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपित वैभव मौके से भाग निकला।
दो अस्पतालों से रेफर, हमीदिया में तोड़ा दम
घटना के बाद पार्टी में मौजूद अन्य दोस्तों ने तत्काल घायल विक्रम को संभाला और पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। दोस्त उसे लेकर दूसरे निजी अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हमीदिया अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद देर रात इलाज के दौरान विक्रम ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपित की तलाश की जा रही है।
------------