
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कटारा हिल्स क्षेत्र में पत्नी से अलग रह रहे पति ने करवा चौथ के दिन दूसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। गंभीर हालत में उसे एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के समय उसकी मां घर में पूजा कर रही थीं, जबकि बहन इंटर्नशिप के लिए गई थी। पुलिस को शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की जानकारी मिली है।
कटाराहिल्स थाना प्रभारी संतोष रघुवंशी ने बताया कि स्वामी विवेकानंद परिसर निवासी अजय जोशी निजी वाहन चलाता था, लेकिन पिछले तीन-चार महीने से बेरोजगार था। गुरुवार सुबह करीब 10:15 बजे उसने बालकनी से छलांग लगा दी। आवाज सुनकर पड़ोसी बाहर आए और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
अजय की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी पिछले तीन महीने से खरगोन जिले के नेमावर स्थित मायके में रह रही थी। घरेलू विवाद के कारण अजय परेशान था। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में करवाचौथ के दिन फंदे पर लटका मिला महिला का शव, रात में व्रत रखने की कही थी बात