भोपाल के बड़वई में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, कई टन प्लास्टिक और पुट्ठा जलकर खाक
बड़वई गांव में रविवार सुबह कबाड़ के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम में कई टन प्लास्टिक और पुट्ठा भरा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 12:59:15 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 12:59:15 PM (IST)
बड़वई में कबाड़ गोदाम में भीषण आगHighLights
- भोपाल के बड़वई गांव में रविवार सुबह कबाड़ गोदाम में भीषण आग
- कई टन प्लास्टिक और पुट्ठा जला, सामान जलने से बड़ा आर्थिक नुकसान
- दमकलकर्मियों के साथ ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में मदद की
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बड़वई गांव में रविवार सुबह कबाड़ के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम में कई टन प्लास्टिक और पुट्ठा भरा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग और धुएं का गुबार दूर से दिखाई देने लगा। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
बड़ा आर्थिक नुकसान
गांधीनगर पुलिस के अनुसार गोदाम गांव की आबादी से दूर स्थित है। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा सामान जलने से बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने भी दमकलकर्मियों के साथ आग बुझाने में मदद की।
धुएं के कारण लोगों को परेशानी
आग से उठते घने धुएं के कारण आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।