
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस प्रशासन शाखा के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, 31 दिसंबर 2027 की स्थिति में रिक्त होने वाले पदों को ध्यान में रखते हुए पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक 30 नवंबर से पहले आयोजित की जाएगी। ढाई हजार अधिकारी-कर्मचारियों का प्रमोशन होगा।
प्रस्तावित पदोन्नति प्रक्रिया के तहत प्रधान आरक्षक, सहायक उप निरीक्षक (ASI), उप निरीक्षक (SI) और निरीक्षक (Inspector) के पदों पर पदोन्नति के लिए विचार किया जाएगा। वहीं, डीएसपी (DSP) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) के पदों पर पदोन्नति के लिए डीपीसी की बैठक शासन स्तर पर गृह विभाग द्वारा आयोजित की जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि 1 जनवरी 2027 की स्थिति में पदोन्नति के औपचारिक आदेश जारी कर दिए जाएंगे। इसके बाद जैसे-जैसे पद रिक्त होते जाएंगे, वैसे-वैसे कर्मचारियों को पदोन्नत किया जाता रहेगा।
यह भी पढ़ें- एमपी के अफसरों को मिलेगी ODOP की ट्रेनिंग, 'मिशन कर्मयोगी' के तहत कलेक्टर से लेकर कृषि अधिकारियों को पढ़ाया जाएगा पाठ
फिलहाल, संबंधित पुलिस इकाइयां अपने स्तर पर पात्र कर्मचारियों का पूरा ब्योरा जुटा रही हैं। इस प्रक्रिया में यह विशेष रूप से देखा जा रहा है कि संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कोई विभागीय जांच या आपराधिक प्रकरण लंबित तो नहीं है।