
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के अधिकारियों को अब एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसका उद्देश्य शासकीय अधिकारियों को प्रदेश के जिलों में स्थानीय उत्पादों से रूबरू कराकर वैश्विक बाजार उपलब्ध कराना है। मिशन कर्मयोगी के तहत आइगोट पोर्टल पर ओडीओपी को लेकर प्रशिक्षण प्रोग्राम तैयार किए गए हैं।
इस ऑनलाइन प्रोग्राम को देख सुनकर इसके बारे में जानना होगा। यह ट्रेनिंग जिले के कलेक्टर से लेकर वहां के उद्यानिकी, कृषि, मत्स्य सहित अन्य विभागों के अधिकारी तक करेंगे। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्हें इसका प्रमाण पत्र भी मिलेगा। ओडीओपी और एक्सपोर्ट प्रमोशन (निर्यात को बढ़ावा देने) से जुड़े सरकारी अधिकारियों की क्षमता को मजबूत करने के लिए आइगोट लर्निंग कोर्स शुरू किए हैं।
इनमें ओडीओपी बेसिक कोर्स, ओडीओपी 2.0-एडवांस्ड कोर्स, जीआइ बेसिक कोर्स, फूड प्रोसेसिंग में ओडीओपी को सपोर्ट करने के लिए पीएमएफएमई योजना, एग्री-प्रोसेसिंग-कृषि और बागवानी उत्पादों को सपोर्ट करने के लिए फार्म गेट से फैक्टरी गेट तक की प्रक्रिया, एक्सपोर्ट- बेसिक कोर्स, एक्सपोर्ट ओडीओपी और जीआइ पर केंद्रित कोर्स आनलाइन उपलब्ध कराए गए हैं।
ट्रेनिंग के दौरान कोर्स और उससे जुड़े प्रश्न भी पूछे जाएंगे। जैसे कि इनमें निर्यात की सबसे सरल परिभाषा क्या है? बाघ प्रिंट वाले कारीगर की कहानी में सबसे बड़ा परिवर्तन किस कारण हुआ?
आज के वैश्विक बाजार में जीआइ टैग, ओडीओपी ब्रांडिंग और पैकेजिंग क्यों महत्वपूर्ण हैं? इसके साथ चार विकल्प दिए जाएंगे, सही उत्तर का चयन करना होगा। ट्रेनिंग के इस पार्ट का उद्देश्य अधिकारियों की ओडीओपी और जीआइ टैग के प्रति समझ और सोच विस्तृत करना है।
यह भी पढ़ें- एमपी के लाखों कर्मचारियों के लिए खुशखबरी... अगले साल फिर से होगा प्रमोशन, नियमों में बदलाव की तैयारी