मानसून की विदाई के बाद MP में चढ़ने लगा पारा: दिन में तीखी धूप, शाम को 'गुलाबी ठंड'; रायसेन और ग्वालियर सबसे गर्म
रायसेन में तापमान 37 डिग्री रहा, जबकि ग्वालियर में 37.2 डिग्री, भोपाल में 35.4 और इंदौर में 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 07:48:47 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 07:48:47 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयार की गई है।HighLights
- प्रदेश में दिन के तापमान में औसतन दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
- रायसेन में दिन का पारा सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक चढ़कर 37 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
- सात अक्टूबर से पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई के साथ ही आसमान पूरी तरह साफ हो गया है। इसके चलते रविवार को पूरे प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। दिनभर खिली तीखी धूप की वजह से अधिकतम तापमान में औसतन दो से तीन डिग्री और रात के न्यूनतम पारे में एक से डेढ़ डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार ग्वालियर और सतना में दिन के समय तेज हवाएं चलीं, जबकि स्थानीय बादलों के कारण बैतूल में बादल छाए रहे।
रायसेन सबसे ज्यादा गर्म
रविवार को रायसेन प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां दिन का पारा सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक चढ़कर 37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके अलावा ग्वालियर 37.2 डिग्री, भोपाल और इंदौर 35 डिग्री, धार में 36.2 डिग्री और छिंदवाड़ा में 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
7 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना
वर्तमान में प्रदेश के 15 जिलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, जबकि 12 जिलों में यह सामान्य स्तर पर है। सिर्फ खरगोन ही एकमात्र ऐसा जिला रहा, जहां पारा सामान्य से कम दर्ज हुआ।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि सात अक्टूबर से पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| भोपाल | 35.4 | 18.2 |
| इंदौर | 35.8 | 17.6 |
| ग्वालियर | 37.2 | 24.6 |
| जबलपुर | 34.8 | 20.1 |
नोट - तापमान डिग्री सेल्सियस में