
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल मेट्रो के पहले भूमिगत करिडोर में जमीन के नीचे तो काम तूफानी रफ्तार से चल रहा है, लेकिन जमीन की सतह पर आरा मशीनों की शिफ्टिंग का इंतजार अभी बरकरार है। जबकि भोपाल रेलवे स्टेशन से पुल पतारा के बीच बन रही ट्विन टनल का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) 400 मीटर की खोदाई पूरी कर अब पुल पतारा से महज 150 मीटर की दूरी पर है। मेट्रो अधिकारियों कहना है कि करीब एक महीने के भीतर टीबीएम पुल पतारा तक पहुंच जाएगी। हालांकि, जमीन के ऊपर आरा मशीनों की शिफ्टिंग का काम अचानक रुक जाने से प्रोजेक्ट के अगले चरण पर संशय के बादल मंडराने लगे हैं।
भूमिगत टनल पूरी होने के बाद मेट्रो को पुल पतारा से बाहर निकलकर एलिवेटेड कॉरिडोर के जरिए आगे बढ़ना है। इसके लिए पुल पतारा क्षेत्र में लगी आरा मशीनों को हटाना बेहद जरूरी है। प्रशासन ने 31 अक्टूबर को यहां कार्रवाई करते हुए 10 आरा मशीनों को सील किया था, लेकिन उसके बाद से यह प्रक्रिया ठप पड़ी है।
शेष करीब 30 बची आरा मशीनें अब तक संचालित हो रही हैं, जब तक आरा मशीन शिफ्ट नहीं होतीं, तब तक एलिवेटेड और भूमिगत कारिडोर को आपस में जोड़ने का सिविल वर्क शुरू नहीं हो पाएगा।
यह भी पढ़ें- मेट्रो यात्रियों को खुशखबरी: भोपाल-इंदौर स्टेशनों पर आज से टिकट वेंडिंग मशीनें शुरू, खुद निकाल सकेंगे टिकट
आरा मशीनों की शिफ्टिंग का काम जिला प्रशासन के अधिकारी देखरेख हो रहा हैं। आरा मशीनों के शिफ्ट होते ही मेट्रो का कार्य और प्रगति से साथ आगे बढ़ेगा। - धीरज शुक्ला, पीआरओ, मेट्रो