
राज्य ब्यूरो, भोपाल: प्रदेश के सभी मंत्रियों का चित्रकूट में चिंतन शिविर 21 और 22 दिसंबर को होगा। इसके पहले दो दिसंबर को अधिकारियों का नीति चिंतन शिविर होगा। इसमें सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और कलेक्टर भाग लेंगे। इसमें समृद्ध मध्य प्रदेश-2047 दस्तावेज, नीतिगत एवं क्रियान्वयन चुनौतियों के समाधान, भविष्य के रोडमैप, बीते तीन सालों की उपलब्धियों और आगामी रणनीति पर विमर्श होगा। इसके निष्कर्षों पर मंत्री चिंतन शिविर में विचार होगा।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कैबिनेट की बैठक से पहले मंत्रियों को बताया कि अधिकारियों के नीति चिंतन शिविर में दो सत्रों में विभिन्न विषयों पर मंथन होगा। अधिकारी सभी पहलुओं पर विचार करेंगे और जो रिपोर्ट तैयार होगी, उस पर मंत्रियों के चिंतन शिविर में मंथन होगा।
उन्होंने बताया कि हमने युवाओं से वादा किया था कि प्रदेश में अगले साल राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षा दो बार आयोजित की जाएगी। हमने अपना वादा पूरा किया है। आयोग द्वारा अगले साल की परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। उन्होंने सभी मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करवा लें कि रिक्त पदों का मांग पत्र आयोग तक समय पर पहुंच जाए। स्वामित्व योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि 26.50 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। सभी मंत्री प्रभार के जिलों में अभियान की समीक्षा करें।
ग्वालियर में स्थापित हो रहे देश के पहले टेलिकाम मैन्यूफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) के पहले चरण में 25 कंपनियों को भूखंड आवंटित कर दिए गए हैं। दूसरे चरण के लिए 450 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। इस जोन से 28 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
यह भी पढ़ें- MP में नशा तस्करों पर DGP ने दिए सख्त निर्देश, संपत्ति और विदेशी आरोपियों पर कसेगा शिकंजा
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि सात से 11 दिसंबर तक होने वाले विधानसभा सत्र की तैयारी कर लें। प्रश्नों, ध्यानाकर्षण आदि के उत्तर समय पर भेज दिए जाएं। सदन में सभी अपने विभाग की पिछले वर्ष की उपलब्धियों के बारे में जनता को बताएं।