
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोलार के दानिशकुंज में ट्रैफिक एसीपी के सूने मकान का ताला तोड़कर बदमाश करीब 40 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और 10 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान एसीपी मुख्यमंत्री की ड्यूटी में तैनात थे, जबकि उनकी पत्नी बच्चों के साथ उज्जैन दर्शन के लिए गई थीं। बदमाश घर में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी निकालकर ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। कोलार पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार 54 वर्षीय विजय कुमार दुबे भोपाल की ट्रैफिक पुलिस में जोन-4 के एसीपी के तौर पर पदस्थ हैं और दानिशकुंज में रहते हैं। 10 सितंबर को वह रात करीब नौ बजे मुख्यमंत्री की ड्यूटी पर तैनात होने चले गए थे। वह बंसल प्लाजा के पास मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे थे। जबकि उनकी पत्नी वसुधा दुबे बच्चों के साथ सुबह 11.30 बजे घर में ताला लगाकर उज्जैन के लिए रवाना हुईं। एसीपी रात करीब 12.30 बजे चालक मुनीन्द्र के साथ घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला।
अंदर के प्रवेश द्वार का सेंटर लॉक भी टूटा हुआ था। ड्राइंग रूम से लेकर बच्चों के कमरे तक में बिखरा मिला सामानघर की तलाशी लेने पर ड्राइंग रूम में लकड़ी के कवर्ड में रखा सीसीटीवी का डीवीआर गायब मिला। बेडरूम में कवर्ड के दोनों पल्ले खुले थे और सामान बिखरा पड़ा था। यहां पत्नी और रिश्तेदारों के रखे सोने के आभूषण गायब थे। बच्चों के कमरे में रखी आलमारी का सामान भी फर्श पर बिखरा मिला। आलमारी की दराज में रखे चांदी के सिक्के और चांदी के बर्तन भी नहीं मिले। इसके अलावा लोन की करीब 10 लाख रुपये की नकदी भी चोरी हो गई।
एसीपी ने आसपास की इमारतों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो रात करीब 10.30 बजे उनके घर के सामने सफेद रंग की एक कार खड़ी दिखाई दी। कार से कुछ लोग घर के अंदर-बाहर आते-जाते नजर आए। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। चोरी गए जेवरों की पूरी सूची एसीपी ने पुलिस को उपलब्ध करवा दी है।
यह भी पढ़ें- 2.50 लाख में तय हुआ कार का सौदा, ट्रायल के बहाने लेकर भागा युवक; पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
एसीपी के अनुसार घर से चोरी हुई करीब 10 लाख रुपये की नकदी पर्सनल लोन से बची रकम थी। यह रकम बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरतों के लिए रखी गई थी। इसी रकम को बदमाश घर से ले गए।बाक्स: आरोपितों का नहीं मिला सुरागवारदात के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। बदमाश सफेद कार से आए थे और घर में लगे कैमरों का डीवीआर भी साथ ले गए। फिलहाल पुलिस को आरोपितों के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।