भोपाल: शाहपुरा में फोन पर बात कर रहे पत्रकार से झपटा डेढ़ लाख का मोबाइल, 1 मिनट में किया बंद
भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र स्थित अवध मार्ग पर रविवार शाम करीब सात बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने पत्रकार संदीप सिंह का मोबाइल फोन छीन लिया।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 11:16:20 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 11:16:20 AM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयारHighLights
- पत्रकार के हाथ से डेढ़ लाख का मोबाइल झपटा
- बाइक सवार बदमाश साथी के साथ फरार हो गया
- पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शाहपुरा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक पत्रकार को निशाना बनाते हुए उनके हाथ से डेढ़ लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन झपट लिया। वारदात रविवार शाम करीब सात बजे अवध मार्ग पर हुई। बदमाशों ने इतनी तेजी से वारदात को अंजाम दिया कि पत्रकार संभल भी नहीं पाए। मोबाइल झपटने के करीब एक मिनट बाद ही उसे बंद कर दिया गया।
पीड़ित की शिकायत पर शाहपुरा पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ झपटमारी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक पर सवार थे बदमाश
पुलिस के अनुसार, पत्रकार संदीप सिंह शाहपुरा क्षेत्र में रहते हैं। रविवार शाम वह दुकान से सामान लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर कॉल आया। संदीप ने बताया कि वह फोन कान पर लगाकर बात करते हुए घर की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया।
बाइक पर पीछे बैठे युवक ने, जिसने स्कार्फ से चेहरा ढंक रखा था, झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। इसके बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार से भाग निकले।
सीसीटीवी में दिखे बदमाश, नंबर अस्पष्ट
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। एक कैमरे में बाइक सवार दोनों बदमाश वारदात के बाद भागते नजर आए हैं। हालांकि कैमरे की दूरी अधिक होने से उनके चेहरे और बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं हो सका।
पुलिस अब मुख्य सड़क और आसपास के रास्तों पर लगे अन्य कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के भागने का रास्ता और उनकी पहचान की जा सके।- संतोष मरकाम, थाना प्रभारी, शाहपुरा