भोपाल: पूर्व मंत्री अजय बिश्नोई के बंगले से टोंटियां चुराने वाला पकड़ाया,आदतन अपराधी निकला चोर
भोपाल के चार इमली स्थित पूर्व मंत्री अजय बिश्नोई के बंगले का ताला तोड़कर बदमाश चार बाथरूम और किचन के नलों से 16 टोंटियां चुरा ले गया था।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 10:22:36 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 10:22:36 AM (IST)
पूर्व मंत्री अजय बिश्नोई के बंगले से 16 नल की टोंटियां चोरी करने का मामला। फोटो - प्रतीकात्मकHighLights
- पूर्व मंत्री के बंगले से 16 टोंटियां चोरी का मामला
- सीसीटीवी और मुखबिरों से आरोपी गिरफ्तार
- आरोपी के खिलाफ पहले से 12 आपराधिक मामले
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। चार इमली स्थित पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के बंगले से नल की 16 टोंटियां चोरी करने वाले आरोपित को हबीबगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 20 हजार रुपये कीमत की टोंटियां बरामद की हैं। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा किया है।
ताला तोड़कर की चोरी
पुलिस के अनुसार बंगले के केयरटेकर द्वारका प्रसाद अहिरवार ने नौ अगस्त को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। दोपहर में कर्मचारी के बाहर जाने के दौरान बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसा और चार बाथरूम व किचन के नलों से टोंटियां निकाल ले गया। लौटने पर कर्मचारी को चोरी का पता चला।
घेराबंदी कर पकड़ाया
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध अंकुर खेल मैदान के पास है। घेराबंदी कर पकड़े गए संतोष अहिरवार उर्फ झुमरू (30), निवासी टीटी नगर ने चोरी कबूल की। उसकी निशानदेही पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास छिपाई गई सभी टोंटियां बरामद कर ली गईं।
पुलिस के अनुसार, संतोष के खिलाफ भोपाल के तीन थानों में मारपीट, गाली-गलौच, धमकी, चोरी, नकबजनी और वाहन चोरी के 12 प्रकरण दर्ज हैं।