'केस वापस लो, पैसे लौटा देंगे': भोपाल में बिना OTP-लिंक खाली किया खाता, शिकायत की तो ठगों ने धमकाया
साइबर हेल्पलाइन में शिकायत के बाद ठगों के खाते होल्ड हुए तो आरोपितों ने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया।
Publish Date: Mon, 17 Aug 2026 12:06:02 PM (IST)Updated Date: Mon, 17 Aug 2026 12:06:02 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो। एआई से तैयार की गई है।HighLights
- बिना लिंक-ओटीपी खाते से रकम गायब
- शिकायत के बाद ठगों ने दी धमकी
- रकम लौटाने का झांसा देकर केस वापस लेने की कोशिश
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में साइबर ठगी का एक रोचक मामला सामने आया है। जहां ठगों ने पहले प्राइवेट कंपनी के एक कर्मचारी के बैंक खाते से बिना किसी ओटीपी और लिंक के रकम निकाल ली। ठगी के कुछ समय बाद जब कर्मचारी को रकम उड़ने की जानकारी मिली, तो उन्होंने साइबर हेल्पलाइन में शिकायत की। जिससे ठगों के खाते होल्ड हो गए।
शिकायत करने पर धमकाया
इससे गुस्साए ठगों ने लगातार पीड़ित को फोन कर धमकाया कि वह शिकायत वापस ले ले, जब उन्होंने शिकायत वापस नहीं ली तो फिर दोबारा उनसे संपर्क किया और ठगी की रकम लौटाने का झांसा दिया। जांच के बाद पिपलानी पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
ये है मामला
पुलिस के अनुसार चंद्रशेखर सोनागिरी ए-सेक्टर में रहते हैं। जुलाई में एक ऑनलाइन पेमेंट करते समय जब उनका बैंक खाते की पूरी रकम गायब मिली तो उन्होंने बैंक से संपर्क किया और तब उन्हें साइबर ठगी का पता चला।
बैंक के स्टेटमेंट में जानकारी सामने आई कि मई से लेकर जून माह तक उनके खाते से रोजाना दो से तीन हजार रुपये निकलते थे।
इस दौरान कई बार उनके मोबाइल का नेटवर्क भी गायब हो जाता था। इससे उन्हें साइबर ठगी की आशंका हुई। ठगी की शिकायत पर साइबर थाने में 13 जुलाई को जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी।
इसके बाद से ठग केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहे थे। शनिवार को पुलिस ने इस प्रकरण में केस दर्ज किया है।